BCCI ने 2021 में हुई ई-नीलामी में नीरज चोपड़ा के भाला को 1.5 करोड़ रुपए में खरीदा
ई-नीलामी के दौरान तलवारबाज भवानी देवी की तलवार को 1.25 करोड़ रुपये और पैरालंपिक चैंपियन सुमित अंतिल के भाला को एक करोड़ रुपये से अधिक में खरीदा गया।
अद्यतन - Sep 2, 2022 9:10 pm

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा के जैवलिन के लिए 1.5 करोड़ रुपए की बोली लगाई है। बता दें, यह तब हुआ जब 2021 में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्मृति चिन्हों के संग्रह की नीलामी हुई थी।
2020 टोक्यो ओलंपिक में भाला फेंक की पुरुषों की श्रेणी में स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा ने प्रधानमंत्री को अपना एक भाला भेंट किया था, जब नरेंद्र मोदी ने टोक्यो ओलंपिक के बाद भारतीय एथलीटों के साथ मुलाकात की थी। यह भाला भी उन तमाम वस्तुओं में से एक था, जिन्हें 2021 के सितंबर-अक्टूबर के बीच में हुई ई-नीलामी में पेश किया गया था।
नीरज चोपड़ा का भाला BCCI ने किया अपने नाम
द फ्री प्रेस जर्नल के मुताबिक BCCI के अधिकारी ने कहा कि, ‘BCCI ने नीरज के जैवलिन की विजई बोली लगाई है। लेकिन हमने कुछ अन्य संग्रहणीय वस्तुओं के लिए भी बोली लगाई है। नमामि गंगे एक नया प्रोजेक्ट है और BCCI के पदाधिकारियों का मानना है कि देश के प्रमुख खेल निकायों में से एक होने के नाते हमारा राष्ट्र के प्रति कर्तव्य बनता है।’
नमामि गंगे प्रोग्राम, 2014 में लांच किया गया था जिसमें गंगा नदी को साफ रखने का लक्ष्य बनाया गया था और ई नीलामी की आय नमामि गंगे मिशन में गई थी। BCCI अधिकारी ने आगे कहा कि, ‘एक संगठन के रूप में हमें गर्व है कि हमारे पास भारत के महानतम एथलीटों में से एक नीरज चोपड़ा का भाला आ गया है।
यह पहली बार नहीं था जब बोर्ड किसी नेक मिशन से जुड़ा था क्योंकि उन्होंने इससे पहले कोरोनोवायरस की पहली लहर के दौरान पीएम केयर फंड में 51 करोड़ रुपये का योगदान दिया था। ई-नीलामी के दौरान तलवारबाज भवानी देवी की तलवार को 1.25 करोड़ रुपये और पैरालंपिक चैंपियन सुमित अंतिल के भाला को एक करोड़ रुपये से अधिक में खरीदा गया।
ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन के मुक्केबाजी दस्तानों की जोड़ी पर 91 लाख रुपये की बोली लगी। नीलामी में खेल संग्रहणीय वस्तुओं सहित 1,348 स्मृति चिन्ह थे और कुल 8,600 बोलियां लगी थी।