IPL 2022 में प्रभावित करने के बाद जल्द इस खिलाड़ी को मिल सकता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2022 में प्रभावित करने के बाद जल्द इस खिलाड़ी को मिल सकता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका

टिम डेविड पिछले कुछ समय से बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने आईपीएल के अंतिम मुकाबलों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की थी: आरोन फिंच

Tim David. (Photo Source: IPL/BCCI)
Tim David. (Photo Source: IPL/BCCI)

ऑस्ट्रेलिया वनडे और टी-20 टीम के कप्तान आरोन फिंच ने संकेत दिया है कि विस्फोटक ऑलराउंडर टिम डेविड जल्द ही ऑस्ट्रेलियाई टीम से अपना डेब्यू कर सकते हैं। बता दें कि, टिम डेविड ने हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में मुंबई इंडियंस (MI) की ओर से खेलते हुए धमाकेदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने अभी तक ऑस्ट्रेलिया के घरेलू क्रिकेट में एक भी मुकाबला नहीं खेला है।

साथ ही इंग्लैंड में हो रहे टी-20 ब्लास्ट 2022 में टिम डेविड लंकाशायर की ओर से खेल रहे हैं। उन्होंने टीम के पिछले मुकाबले में वॉर्किशायर के खिलाफ 25 गेंदों में 60 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के भी जड़े। उनकी इस पारी की बदौलत लंकाशायर ने वॉर्किशायर के खिलाफ 12 रनों से जीत दर्ज की।

IPL के आखिरी मुकाबलों में टिम डेविड ने कमाल का प्रदर्शन किया: आरोन फिंच

फॉक्स क्रिकेट के मुताबिक फिंच ने कहा कि, टिम डेविड पिछले कुछ समय से बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने आईपीएल के अंतिम मुकाबलों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की थी। वो हमेशा रन बनाने को देखते हैं। पहली गेंद से मारकर खेलना बहुत ही कम बल्लेबाजों को आता है और हमने देखा है कि डेविड उन्ही बल्लेबाजों में से एक हैं। वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हम आने वाले समय में उनको जरूर मौका देना चाहेंगे।

टिम डेविड सिंगापुर की टीम से खेलते हैं। उन्होंने सिंगापुर से खेलते हुए 14 टी-20 मुकाबलों में 46.50 के औसत से 558 रन बनाए हैं। डेविड को मुंबई इंडियंस ने मेगा ऑक्शन में 8.25 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था। भले ही उनको टीम से बहुत कम मुकाबले खेलने को मिले हो लेकिन जितने भी मौके मिले उन्होंने अपनी ताबड़तोड़ पारी से सभी का दिल जीत लिया।

डेविड ने IPL 2022 में 8 मुकाबलों में 37.20 के औसत और 216.27 के स्ट्राइक रेट से 186 रन बनाए थे। टिम डेविड इस समय इंग्लैंड के टी-20 ब्लास्ट 2022 टूर्नामेंट का हिस्सा है। सभी को उनसे उम्मीद होगी कि जैसा प्रदर्शन उन्होंने इस आईपीएल सीजन में दिखाया है उससे और बेहतर प्रदर्शन वो इस टूर्नामेंट में करें।

close whatsapp