पाकिस्तानी बल्लेबाजी बाबर आजम के बिना कुछ भी नहीं है: वसीम जाफर
बाबर आजम ने अभी तक एशिया कप 2022 टूर्नामेंट के दो मुकाबलों में मात्र 19 रन बनाए हैं।
अद्यतन - Sep 3, 2022 2:33 pm

एशिया कप 2022 का अपना पहला मुकाबला भारत से हारने के बाद पाकिस्तान ने हांगकांग के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ जीत दर्ज की और सुपर-4 में अपनी जगह बनाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 193 रन बनाए। जवाब में हांगकांग मात्र 38 रन पर ऑल आउट हो गई।
पाकिस्तान अब अपना सुपर-4 का पहला मुकाबला भारत के खिलाफ 4 सितंबर को खेलेगा। इससे पहले भारत ने एशिया कप 2022 में ही पाकिस्तान को 5 विकेट से मात दी थी। इस समय पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ी परेशानी टीम के कप्तान बाबर आजम का फॉर्म है।
उन्होंने अभी तक इस टूर्नामेंट में दो मुकाबलों में मात्र 19 रन बनाए हैं। इसी के साथ भारत के पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर और विजय दहिया ने बाबर आजम का बचाव करते हुए कहा है कि वो बहुत जल्द अपने पुराने लय में वापस आएंगे।
बिना बाबर आज़म के पाकिस्तान टीम कुछ भी नहीं हैं: वसीम जाफर
वसीम जाफर ने क्रिकट्रैकर के बैटब्रिक्स7 द्वारा प्रस्तुत ‘रन की रननीति’ शो में कहा कि, ‘बाबर आजम इस समय अपने करियर के उस मुकाम पर है जहां अगर हमसे पूछा जाता है कि इस समय के टॉप 4-5 खिलाड़ियों का नाम बताइए तो उसमें आजम का नाम भी शामिल होगा।
इस समय पाकिस्तान टीम की बल्लेबाजी बाबर आजम के बिना कुछ भी नहीं हैं। इस समय अगर बाबर आजम कम स्कोर बनाकर आउट हो रहे हैं तो यह चिंता का विषय जरूर है। लेकिन वो एक वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी है और मुझे पूरा भरोसा है कि सुपर-4 में वो अपने फॉर्म में जरूर वापस आएंगे।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘बाबर आजम जैसे खिलाड़ी को खेल से बाहर नहीं रखा जा सकता क्योंकि उन्होंने तीनों ही प्रारूपों में कमाल का प्रदर्शन किया है। पाकिस्तान टीम में शुरुआती तीन बल्लेबाज काफी आक्रामक हैं और भारत भी यही उम्मीद कर रही होगी कि इन खिलाड़ियों को अगले मुकाबले में जल्द से जल्द आउट किया जाए। टीम के मिडिल ऑर्डर में अनुभव की कमी है। भारत भी यही चाह रही होगी कि बाबर आजम सुपर-4 में भी कम स्कोर पर आउट हो जाए।’
बाबर आजम का क्लास सभी खिलाड़ियों से काफी अलग है: विजय दहिया
विजय दहिया का मानना है कि बाबर आजम के कवर ड्राइव सबसे अलग है और उनसे अच्छा यह शॉट और कोई नहीं खेल सकता। उन्होंने बाबर आजम की तारीफ करते हुए कहा कि, ‘बाबर आजम के अंदर यह काबिलियत है कि वो लगातार रन बना सकते हैं। खास बात सिर्फ उनके रन बनाने की नहीं हैं बल्कि उनके शॉट्स की भी है। जिस तरीके के शॉट्स वो खेलते है उसे कोई और नहीं खेल सकता। क्रिकेट जगत के बेहतरीन खिलाड़ी भी उनकी तारीफ करते हैं।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘बाबर आजम जब रन बनाते हैं तो उन्हें इस बात का फर्क नहीं पड़ता कि सामने कौन सी टीम है या पिच कैसी है। अगर बाबर आजम अपने फॉर्म में हैं तो उन्हें रोकना नामुमकिन है।’