रोहित शर्मा अपने ऊपर कप्तानी का दबाव ले रहे हैं: शोएब अख्तर का बड़ा बयान
शोएब अख्तर का मानना है कि रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को टी-20 टीम का कप्तान नियुक्त करना चाहिए।
अद्यतन - सितम्बर 4, 2022 8:06 अपराह्न

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर का मानना है कि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा अपने ऊपर कप्तानी का काफी दबाव ले रहे हैं जिसकी वजह से वो बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। उनका मानना है कि रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को टी-20 टीम का कप्तान नियुक्त करना चाहिए क्योंकि वो इस समय काफी अच्छे फॉर्म में है और उन्होंने IPL के इस सत्र में गुजरात टाइटंस (GT) को ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई है।
अपने यूट्यूब चैनल पर शोएब अख्तर ने कहा कि, ‘मुझे लगता है कि रोहित शर्मा कप्तान बनकर अटक गए हैं। वो कप्तानी का मजा नहीं ले पा रहे हैं और वो काफी ज्यादा दबाव ले रहे हैं, इसलिए वो आउट ऑफ फॉर्म चल रहे हैं। हार्दिक पांड्या ने जबसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की है तब से उनके फॉर्म में भी निखार आया है। उन्होंने गुजरात टाइटंस (GT) टीम की कप्तानी की और उन्हें उनका पहला IPL कप जिताया। मुझे लगता है कि टी-20 क्रिकेट में भारत का कप्तान हार्दिक पांड्या को नियुक्त करना चाहिए।
मैं सच में चाहता हूं कि विराट कोहली 100 शतक जड़े और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़े: शोएब अख्तर
इसके साथ ही शोएब अख्तर ने विराट कोहली का भी साथ देते हुए कहा कि, ‘मेरी विराट कोहली को यही सलाह है कि उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप तक रुकना चाहिए और देखना चाहिए कि क्या यह फॉर्मेट उनके लायक है या नहीं क्योंकि उनको अभी 30 शतक और लगाने है।’ बता दें, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विराट कोहली के नाम 70 शतक हैं। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय शतक 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ जड़ा था।
शोएब अख्तर ने आगे कहा कि, ‘आप इस खेल के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी बन सकते हैं और आपको खुद अपने आप को यह समझाना पड़ेगा कि आप सबसे बेहतरीन खिलाड़ी है। यह सबसे मुश्किल 30 शतक होंगे। टेस्ट क्रिकेट में उन्हें सेट होने का मौका मिलेगा। फिलहाल विराट कोहली अच्छी तरह से नहीं खेल पा रहे हैं। एशिया कप की दोनों ही पारियों में वो आउट ऑफ फॉर्म दिखे लेकिन उन्होंने 59 रन बनाए।
वो कोशिश कर रहे हैं लेकिन समय बहुत कम बचा है। उन्हें अपना स्ट्राइक रेट और बेहतर करना होगा और टीम की जीत में अहम भूमिका निभानी होगी। मैं सच में चाहता हूं कि वो 100 शतक जड़े और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़े। यह काफी मुश्किल लग रहा है लेकिन यह काम सिर्फ कोहली ही कर सकते हैं।’
भारत और पाकिस्तान के सभी मुकाबले दुबई में क्यों हो रहे हैं?: शोएब अख्तर
शोएब अख्तर इस बात से नाराज है कि भारत और पाकिस्तान के सभी मुकाबले दुबई में क्यों हो रहे हैं? उन्होंने कहा कि, ‘इन दोनों टीमों के बीच सभी मुकाबले दुबई में क्यों खेले जा रहे हैं, कहीं और क्यों नहीं? बदलाव करना बेहद जरूरी है और पहला कदम हमें ही आगे बढ़ाना चाहिए।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘काश! पाकिस्तान भारत के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज करे। अगर ऐसा नहीं होता है तो उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए। कप्तानी और बल्लेबाजी काफी आक्रमक होनी चाहिए। 2.5 बिलियन लोग यह मुकाबला दुबई से देखेंगे, इसके बारे में जरूर सोचे।