एशिया कप 2022: देखिए कैसे पाकिस्तान से मिली हार के बाद टीम इंडिया ने भारतीय प्रशंसकों का जीता दिल
भारत का एशिया कप 2022 में अगला मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ 6 सितंबर को है।
अद्यतन - Sep 6, 2022 10:17 am

भारत को जारी एशिया कप 2022 के सुपर फोर स्टेज के अपने पहले मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा, और इस हार के साथ टीम के लिए फाइनल में जगह बनाने की राह थोड़ी मुश्किल हो गई है। यह रोमांचक मुकाबला पाकिस्तान ने अंतिम ओवर में जीता, बिल्कुल वैसे ही जैसे टीम इंडिया ने ग्रुप मैच में अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी को मात दी थी।
इस हार से निश्चित ही सभी भारतीय प्रशंसकों का दिल टूट गया होगा, लेकिन टीम इंडिया अपने प्रशंसकों का दिल जीतने का कोई भी मौका नहीं गंवाती हैं, और ठीक ऐसा ही एक वाकया भारत बनाम पाकिस्तान मैच के बाद दुबई में देखने को मिला, जब टीम के सदस्यों ने स्टेडियम के बाहर प्रशंसकों से मुलाकात की।
भारतीय क्रिकेट टीम ने दुबई में प्रशंसकों से मुलाकात की
इस दिल तोड़ देने वाली हार के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़, कप्तान रोहित शर्मा और उप-कप्तान केएल राहुल समेत अन्य खिलाड़ियों ने दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के बाहर प्रशंसकों के साथ तस्वीरें खिंचवाई और साथ ही ऑटोग्राफ भी साइन किए।
दरअसल, मैच के बाद भारतीय प्रशंसक अपने चहेते क्रिकेटरों से मिलने और उनके प्रति अपना समर्थन दिखाने के लिए टीम बस के आसपास एकत्र हुए थे, और राहुल द्रविड़ ने सबसे पहले सभी प्रशंसकों का शुक्रिया किया, और फिर टीम बस में चढ़ने से पहले कुछ ऑटोग्राफ साइन किए। जिसके बाद उनके हीरो विराट कोहली ने दस्तक दी, लेकिन उन्होंने अपने पैर की ऐंठन की ओर इशारा करते हुए सीधे टीम बस में चढ़ गए।
आपको बता दें, कोहली को पाकिस्तान के खिलाफ फील्डिंग करने के दौरान ऐंठन का सामना करना पड़ा, जिसके कारण वह पूरे मैच में फील्डिंग भी नहीं कर पाए। केएल राहुल भारतीय प्रशंसकों का अभिवादन करने वाले तीसरे व्यक्ति थे, उन्होंने प्रशंसकों को कुछ ऑटोग्राफ दिए और साथ ही कुछ तस्वीरें भी खिंचवाई। अंत में भारतीय प्रशंसकों को कप्तान रोहित शर्मा के साथ सेल्फी खिंचवाने का मौका मिला।
यहां देखिए वीडियो –
इस वीडियो में सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा और रविचंद्रन अश्विन को भी देखा जा सकता है। भारतीय प्रशंसकों ने अंत में भारत को श्रीलंका और अफगानिस्तान के खिलाफ शेष सुपर 4 मैचों के लिए शुभकामनाएं भी दी। भारत का एशिया कप 2022 में अगला मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ 6 सितंबर को है।