एशिया कप 2022: श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम को ऋषभ पंत की जगह दिनेश कार्तिक को खिलाना चाहिए: संजय मांजरेकर - क्रिकट्रैकर हिंदी

एशिया कप 2022: श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम को ऋषभ पंत की जगह दिनेश कार्तिक को खिलाना चाहिए: संजय मांजरेकर

अगर इस समय के फॉर्म को लेकर कहा जाए तो मैं दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत के बीच में दिनेश कार्तिक को चुनना चाहूंगा: संजय मांजरेकर

sanjay manjrekar on rishabh pant and dinesh karthik (source- twitter)
sanjay manjrekar on rishabh pant and dinesh karthik (source- twitter)

संजय मांजरेकर का मानना है कि ऋषभ पंत अभी भी टी-20 में एक बल्लेबाज के रूप में सही फार्मूले की तलाश कर रहे हैं। उनके मुताबिक एशिया कप 2022 के सुपर 4 में श्रीलंका के खिलाफ ऋषभ पंत की जगह दिनेश कार्तिक को खिलाना चाहिए।

बता दें, पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप स्टेज मुकाबले में ऋषभ पंत की जगह दिनेश कार्तिक को प्लेइंग XI में शामिल किया गया था। रवींद्र जडेजा चोटिल होने की वजह से इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, इसी वजह से इसी टीम के खिलाफ सुपर 4 मैच में भारतीय टीम ने दिनेश कार्तिक की जगह ऋषभ पंत को प्लेइंग XI में शामिल किया। ऋषभ पंत ने इस मुकाबले में 12 गेंदों में मात्र 14 रन बनाए।

स्पोर्ट्स18 के ‘स्पोर्ट्स ओवर द टॉप’ शो में संजय मांजरेकर ने कहा कि, ‘अब ऋषभ पंत एक मजेदार केस बन चुके हैं, वो अभी भी अपने बल्लेबाजी को लेकर सही फार्मूले की तलाश कर रहे हैं। इसमें कोई शक नहीं है कि टेस्ट में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने अभी तक भारत के लिए इस प्रारूप में तीन या चार सर्वश्रेष्ठ पारियां खेली हैं।’

लिमिटेड ओवर्स में ऋषभ पंत के फॉर्म को लेकर संजय मांजरेकर ने कहा कि, ‘मुझे समझ नहीं आ रहा है कि, लिमिटेड ओवर्स में उनको क्या हो गया है। उदाहरण के तौर पर टी-20 में उनका 20 का औसत और 120 का स्ट्राइक रेट है। क्या ये वही ऋषभ पंत हैं जिनके बारे में हम बात करते थे। टेस्ट क्रिकेट में भी वो इसी स्ट्राइक रेट के साथ खेलते हैं।’

संजय मांजरेकर ने दिनेश कार्तिक को चुना

संजय मांजरेकर का मानना है कि नीचे आकर बल्लेबाजी करना दिनेश कार्तिक के लिए ज्यादा बेहतर है। उन्होंने कहा कि, ‘ अगर तुलना की जाए तो दिनेश कार्तिक का औसत 28 और स्ट्राइक रेट 139.9 के आसपास का है। इसका मतलब यह है कि दिनेश कार्तिक आखिरी में आकर थोड़ा बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। अगर इस समय के फॉर्म को लेकर कहा जाए तो मैं दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत के बीच में दिनेश कार्तिक को चुनना चाहूंगा।’

उन्होंने आगे कहा कि, ‘इसके चलते भारतीय टीम दीपक हुड्डा से ऊपर बल्लेबाजी करवा सकती हैं। सभी लोग ऊपर आकर अपना-अपना काम कर सकते हैं और आखिरी के तीन-चार ओवरों में दिनेश कार्तिक बेहतरीन फिनिश कर सकते हैं। मैं बस यही सोच रहा हूं कि अगर पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने नीचे आकर बल्लेबाजी की होती तो रिजल्ट कुछ और ही होता।’

close whatsapp