दबाव की वजह से भारतीय टीम बड़े टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रही है: वसीम जाफर
वसीम जाफर ने कहा कि भारतीय टीम के साथ हालिया समय में यह समस्या रही है कि वो नई गेंद से विकेट चटकाने में असमर्थ रहे हैं।
अद्यतन - Sep 7, 2022 4:32 pm

हालिया समय में जहां एक तरफ भारतीय टीम ने द्विपक्षीय सीरीज में कमाल का प्रदर्शन किया है, वहीं दूसरी ओर बड़े टूर्नामेंट के मुख्य मुकाबलों में उनका प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। इस समय संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेले जा रहे एशिया कप 2022 टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज मुकाबलों में कमाल का प्रदर्शन करते हुए सुपर 4 में अपनी जगह बनाई थी।
उन्होंने जहां एक तरफ ग्रुप स्टेज के दोनों मुकाबले अपने नाम किए थे, वहीं दूसरी ओर सुपर 4 में अभी तक उन्होंने दोनों मुकाबलों में हार दर्ज की है। भारत को पाकिस्तान ने 5 विकेट से मात दी और श्रीलंका ने उनको 6 विकेट से हराया।
द्विपक्षीय सीरीज के बाहर जब हम मुकाबले खेल रहे हैं तो उस प्रतियोगिता का दबाव हम झेल नहीं पा रहे: वसीम जाफर
इसी के साथ वसीम जाफर का भी यही मानना है कि भारतीय टीम मुख्य टूर्नामेंट्स में काफी दबाव महसूस कर रही है और इसी वजह से वो अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। रोहित शर्मा ने भी श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि बड़े टूर्नामेंट्स में टीम इसलिए दबाव में आ रही है क्योंकि उन्हें यहां अलग-अलग टीमों के खिलाफ खेलना पड़ता है जबकि द्विपक्षीय सीरीज में उनका सामना एक ही टीम से होता है।
वसीम जाफर ने क्रिकट्रैकर के ‘रन की रननीति’ शो में कहा कि, ‘द्विपक्षीय सीरीज के बाहर जब हम मुकाबले खेल रहे हैं तो उस प्रतियोगिता का दबाव हम झेल नहीं पा रहे। ऐसा पहले टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में हुआ और अब एशिया कप में हो रहा है। द्विपक्षीय सीरीज में हमारा प्रदर्शन कमाल का है लेकिन जब हमें कोई मुकाबला जीतना बेहद जरूरी हो जाता है तब हम दबाव में आकर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं, खासतौर पर नई गेंद के साथ।
हम लोगों ने पिछले दो मुकाबलों में अच्छा स्कोर बनाया लेकिन मिडिल ऑर्डर में हमारे बल्लेबाज ज्यादा रन नहीं बना पाए और इसी वजह से आखिर में हमने 15-20 रन कम बनाए। आखिरी की 9 गेंदों में भुवनेश्वर अश्विन के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे क्योंकि हमने बीच में कई विकेट गंवा दिए थे।’
भारतीय टीम नई गेंद से विकेट लेने में असमर्थ रही है: वसीम जाफर
वसीम जाफर ने कहा कि भारतीय टीम के साथ हालिया समय में यह समस्या रही है कि वो नई गेंद से विकेट चटकाने में असमर्थ रहे हैं। हमनें यह चीज टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में पाकिस्तान के खिलाफ भी देखी और एशिया कप में श्रीलंका के खिलाफ भी।
वसीम जाफर ने आगे कहा कि, ‘हमने दोनों मुकाबलों में अच्छा स्कोर बनाया था लेकिन नई गेंद से विकेट ना लेने की वजह से हम मुकाबला हार गए। अगर आप नई गेंद से विकेट नहीं चटकाएंगे तो विरोधी टीम के लिए काम आसान हो जाएगा। हमें थोड़ा आक्रमक होने की जरूरत है और इस समय हमारे पास विकेट लेने वाले गेंदबाजों का विकल्प भी बहुत कम है।’