रिपोर्ट्स: टी-20 वर्ल्ड कप में भी नहीं खेलेंगे रवींद्र जडेजा, घुटने में लगी चोट की वजह से सर्जरी से गुजरना पड़ेगा - क्रिकट्रैकर हिंदी

रिपोर्ट्स: टी-20 वर्ल्ड कप में भी नहीं खेलेंगे रवींद्र जडेजा, घुटने में लगी चोट की वजह से सर्जरी से गुजरना पड़ेगा

रवींद्र जडेजा के दाएं घुटने की चोट काफी गंभीर है, उन्हें घुटने की बड़ी सर्जरी से गुजरना है और वह अनिश्चितकाल के लिए टीम से बाहर हो गए हैं: सीनियर BCCI अधिकारी

Ravindra Jadeja (Photo Source: Twitter/BCCI)
Ravindra Jadeja (Photo Source: Twitter/BCCI)

भारतीय टीम को तगड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा एशिया कप के साथ-साथ टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से भी बाहर हो गए हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि उनके घुटने में चोट लगी है और उन्हें इसकी सर्जरी करानी है। भारतीय टीम के लिए यह दोनों ही टूर्नामेंट काफी बड़े हैं और उनको इन टूर्नामेंट को जीतना बेहद जरूरी है।

एक और बड़ी बात यह भी है कि अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि जडेजा को एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट (ACL) की चोट लगी है या नहीं, क्योंकि अगर ऐसा है तो उन्हें कम से कम 6 महीनों के लिए टीम से बाहर रहना पड़ सकता है।

ESPN क्रिकइंफो के मुताबिक, एक सीनियर BCCI अधिकारी ने कहा कि, ‘जडेजा के दाएं घुटने की चोट काफी गंभीर है, उन्हें घुटने की बड़ी सर्जरी से गुजरना है और वह अनिश्चितकाल के लिए टीम से बाहर हो गए हैं। अभी इसको लेकर कुछ भी नहीं कहा जा सकता कि वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कब वापसी करेंगे।’

वर्ल्ड कप 2022 में भी नहीं खेलेंगे रवींद्र जडेजा

बता दें, रवींद्र जडेजा के ना होने से भारतीय टीम को तगड़ा झटका लगा है और उनके टी-20 वर्ल्ड कप 2022 को जीतने की उम्मीदें पहले से कम हो गई है। जडेजा ने पिछले कुछ समय से भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण रन बनाए हैं और गेंदबाजी से भी शानदार प्रदर्शन किया है। एशिया कप 2022 में उनकी जगह अक्षर पटेल को टीम में शामिल किया गया है। अब देखना यह होगा कि भारतीय टीम उनकी अनुपलब्धता में कैसा प्रदर्शन करती है।

हाल ही में भारत के पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने अक्षर पटेल की तारीफ करते हुए कहा था कि जडेजा की जगह उन्हीं को टीम में शामिल करना चाहिए था क्योंकि दोनों ही एक समान खिलाड़ी है।

इरफान पठान ने स्टार स्पोर्ट्स के साथ बातचीत के दौरान कहा कि, ‘जडेजा की जगह अक्षर पटेल को टीम में शामिल करना बहुत अच्छा फैसला है। दोनों खिलाड़ी एक जैसे ही है। बस दोनों खिलाड़ी में एक फर्क यह है कि आप जडेजा को किसी भी क्रम में बल्लेबाजी करने उतार सकते हैं जबकि अक्षर पटेल से आप ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी नहीं करा सकते हैं। आपके पास अच्छी गेंदबाजी और फील्डिंग है लेकिन समस्या यही है कि जडेजा के ना रहने से टीम की बल्लेबाजी में थोड़ी कमी आएगी।’

close whatsapp