आकाश चोपड़ा ने पाकिस्तान, श्रीलंका के खिलाफ भारत की हार के लिए बल्लेबाजों को जिम्मेदार ठहराया
भारत इस समय एशिया कप 2022 से बाहर होने की कगार पर हैं।
अद्यतन - सितम्बर 7, 2022 4:03 अपराह्न

पूर्व भारतीय बल्लेबाज और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि भारत की बल्लेबाजी ने उन्हें जारी एशिया कप 2022 के सुपर फोर स्टेज में पाकिस्तान और श्रीलंका दोनों के खिलाफ निराश किया है।
आपको बता दें, टीम इंडिया को 4 सितंबर को अपने पहले सुपर फोर मैच में पाकिस्तान के खिलाफ पांच विकेट की शिकस्त झेलना पड़ा, और फिर 6 सितंबर को दुबई में श्रीलंका से उन्हें एक और झटका दें दिया। श्रीलंका के खिलाफ छह विकेट की हार के बाद भारत अब एशिया कप 2022 से बाहर होने की कगार पर हैं।
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा: “हम सभी यह बात कर रहे थे कि अगर भारत पहले बल्लेबाजी करता है, तो टीम को 200 रन बनाने होंगे। यदि भारत पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 रन बनाने में असमर्थ रहता है, तो वे मैच हार जाएंगे, और यही हुआ। अगर हम एशिया कप के सुपर फोर चरण में भारत के पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ लगातार दो मैचों पर गौर करे, तो हमने देखा कि हमारे गेंदबाज चाहे वह पाकिस्तान हो या श्रीलंका दोनों के खिलाफ 19वें और 20वें ओवर में बल्लेबाजी करते हुए नजर आए, जिसका साफ मतलब यह है कि बल्लेबाजी टीम को निराश कर रही है। हमारे बल्लेबाज अपनी जिम्मदेदारी ठीक से नहीं निभा पा रहे हैं।”
बल्लेबाजी भारतीय टीम को निराश कर रही है: आकाश चोपड़ा
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज ने आगे जोर देकर कहा कि हार के लिए न तो टॉस को और न ही कमजोर गेंदबाजी को दोषी ठहराया जा सकता है, बल्कि इसकी पूरी जिम्मेदारी बल्लेबाजों की है। उन्होंने कहा: “इस समय हर कोई यह बात कर रहा है कि भारत की गेंदबाजी कमजोर है, और इस बात में कोई शक नहीं है, जो हम सभी जानते हैं। कुछ लोग यह भी कहेंगे कि चेज करनी वाली टीम मैच जीतती है, चलो ये भी मान लेते है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि अगर आप टॉस हार गए, तो आप मैच नहीं जीत सकते।”
आकाश चोपड़ा ने अंत में कहा: “मेरा मानना है कि आप टीम की कमजोर कड़ी पर हार का ठीकरा नहीं फोड़ सकते हैं, बल्कि आपको मजबूत कड़ी को थोड़ा और बोझ उठाने के लिए कहना होगा और हम सभी को पता है कि हमारी मजबूत कड़ी बल्लेबाजी है, तो अब यह उनकी जिम्मेदारी है कि वे अधिक से अधिक रन बनाए। अगर आप पहले बल्लेबाजी करते हैं तो आपको 190-200 रन बनाने होंगे, क्योंकि हमारी टीम बल्लेबाजी का पावरहाउस है।”