कितना जरूरी है सूर्यकुमार यादव को इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन करना, जाने रोहित शर्मा से - क्रिकट्रैकर हिंदी

कितना जरूरी है सूर्यकुमार यादव को इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन करना, जाने रोहित शर्मा से

सूर्यकुमार यादव को ज्यादा दबाव बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगता और यह आप उन्हें खेलते हुए भी देख सकते हैं: रोहित शर्मा

Rohit Sharma and Suryakumar Yadav (Image Source: Getty Images)
Rohit Sharma and Suryakumar Yadav (Image Source: Getty Images)

भारतीय टीम के लिए अभी तक टी-20 वर्ल्ड कप 2022 का सफर काफी शानदार रहा है। टीम की ओर से आक्रामक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने बेहतरीन बल्लेबाजी की है। सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली इस समय फुल फॉर्म में है और तमाम भारतीय प्रशंसक यही उम्मीद कर रहे होंगे कि सेमीफाइनल और फाइनल मैच में भी है दोनों बड़ा स्कोर बनाए और अपनी टीम को जीत दिलाए।

सूर्यकुमार यादव जिनको स्काई ‘SKY’ नाम से भी जाना जाता है, उन्होंने घरेलू क्रिकेट में काफी लंबे समय तक कमाल का प्रदर्शन किया। उनके इसी प्रदर्शन की बदौलत यादव को पहले IPL और फिर भारत की ओर से खेलने का मौका मिला।

बता दें, सूर्यकुमार यादव ने अभी तक भारत की ओर से 13 वनडे और 39 टी-20 मुकाबले खेलें हैं जिसमें उन्होंने क्रमश: 340 रन और 1270 रन बनाए हैं। तमाम अनुभवी खिलाड़ी भी सूर्यकुमार यादव की जमकर प्रशंसा करते हैं। हाल ही में रोहित शर्मा ने भी सूर्यकुमार यादव की जमकर प्रशंसा की।

इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले एक रिपोर्टर ने रोहित शर्मा से यह सवाल पूछा कि सूर्यकुमार यादव टीम के लिए कितने जरूरी खिलाड़ी हैं और खास तौर पर सेमीफाइनल मैच के लिए उनका अच्छा प्रदर्शन करना कितना जरूरी है।

सूर्यकुमार यादव को अपने ऊपर बिल्कुल भी दबाव महसूस नहीं होता: रोहित शर्मा

पत्रकार के सवाल का कप्तान रोहित शर्मा ने बहुत ही मजाकिया ढंग से जवाब दिया। रोहित शर्मा ने कहा कि, ‘सूर्यकुमार यादव ऐसा लड़का है जो अपने साथ कोई भी समान नहीं रखता। उनके पास बहुत सारे सूटकेस है लेकिन तब भी आप उनको एक सूटकेस के साथ भी नहीं देखेंगे।

हां उन्हें शॉपिंग करना बहुत पसंद है, लेकिन उन्हें ज्यादा दबाव बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगता और यह आप उन्हें खेलते हुए भी देख सकते हैं। वो पिछले 1 साल से ऐसे ही खेल रहे हैं।’

इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले के लिए रोहित शर्मा ने कहा कि, ‘मुझे लगता है कि नॉकआउट मुकाबले बहुत जरूरी हैं। क्योंकि आपको यह मौका एक ही बार मिलता है और नॉकआउट मुकाबलों में एक ही बार आप अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। लेकिन जिन भी खिलाड़ियों ने अपने पूरे करियर में शानदार प्रदर्शन किया है उन्हें आप बस एक नॉकआउट मुकाबले से जज नहीं कर सकते।

आप जानते हैं कि आपने पूरे साल कड़ी मेहनत की है और आप जिस भी प्रारूप में खेलते हैं उसमें आप अच्छा प्रदर्शन करने को देखते हैं इसलिए एक मुकाबला आपके खेल पर उंगली नहीं उठा सकता। हमें गर्व है कि हम अपनी टीम की ओर से खेल रहे हैं और हमने देखा है कि दो क्वालिटी टीम पहले ही सेमीफाइनल से बाहर हो चुकी हैं। इंग्लैंड के खिलाफ भी हम बेहतरीन प्रदर्शन करना चाहेंगे और फाइनल में अपनी जगह बनाने को देखेंगे।’

close whatsapp