विराट कोहली ने पहले भी भारत के लिए ओपनिंग की है, उनके लिए ये कोई नई भूमिका नहीं है: सुनील गावस्कर
विराट कोहली ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ 61 गेंदों में 122* रन की शानदार शतकीय पारी खेली।
अद्यतन - सितम्बर 10, 2022 5:36 अपराह्न

भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ एशिया कप के सुपर 4 मुकाबले में शतक जड़ उन तमाम आलोचकों को करारा जवाब दिया है जो उनकी आलोचना कर रहे थे। बता दें, यह कोहली का पहला अंतरराष्ट्रीय टी-20 शतक है और सभी प्रारूपों को मिलाकर 71वां अंतरराष्ट्रीय शतक।
विराट कोहली ने अफगानिस्तान के खिलाफ 61 गेंदों में 122* रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने यह मुकाबला 101 रन से जीता। पिछले काफी समय से विराट कोहली अपने शानदार फॉर्म में नहीं थे। तमाम लोग उनके फॉर्म को लेकर टिप्पणी कर रहे थे लेकिन कोहली के इस शतक ने सभी का मुंह बंद कर दिया।
अब जब टी-20 वर्ल्ड कप 2022 को शुरू होने में बस कुछ ही समय बचा है, इस बात को लेकर चर्चा हो रही है कि किस बल्लेबाज से भारतीय टीम को ओपनिंग करवानी चाहिए। इसी को लेकर सुनील गावस्कर और हरभजन सिंह ने भी अपना-अपना पक्ष रखा है।
बता दें, अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा चुके मुकाबले में रोहित शर्मा को आराम दिया गया था और टीम की ओपनिंग केएल राहुल और विराट कोहली ने की थी। राहुल ने भी इस मुकाबले में बेहतरीन बल्लेबाजी की और 41 गेंदों में 62 रन बनाए। राहुल और कोहली के बीच पहले विकेट के लिए 119 रन की साझेदारी हुई। अब जब दोनों ही बल्लेबाज फॉर्म में वापस आ गए हैं तो इस चीज को लेकर तो सवाल उठेगा ही कि आखिर भारतीय टीम की ओपनिंग जोड़ी क्या होगी।
मेरे लिए विराट कोहली टॉप खिलाड़ी है: हरभजन सिंह
मुकाबले के बाद इंडिया टुडे से बात करते हुए हरभजन सिंह ने कहा कि, ‘विराट कोहली ने IPL की अपनी फ्रेंचाइजी RCB के लिए भी कई मुकाबलों में ओपनिंग की है जब वो टीम की कप्तानी कर रहे थे। उन्होंने जब ओपनिंग की तब उन्होंने एक सत्र में 921 रन बनाए। इसलिए यह भूमिका विराट कोहली के लिए कोई नई नहीं है, वो खुद इस क्रम में खेलना पसंद करते हैं।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘मुझे लगता है कि भारतीय टीम को यह समझना चाहिए कि विराट कोहली और रोहित से पारी की शुरुआत करवाई जाए और केएल राहुल को नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा जाए। मैनेजमेंट को यह फैसला लेना होगा कि यह प्लान ए रहता है या प्लान बी। मेरे लिए विराट कोहली टॉप खिलाड़ी है, इसमें कोई शक नहीं है। यह बात मैं राहुल और रोहित के लिए भी कहूंगा।’
विराट कोहली ने पहले भी भारतीय टीम की ओपनिंग की है: सुनील गावस्कर
सुनील गावस्कर ने टीम की ओपनिंग को लेकर कहा कि, ‘विराट कोहली टीम को एक विकल्प दे सकते हैं। जहां तक मुझे याद है, 2 साल पहले उन्होंने भारत के लिए इंग्लैंड के खिलाफ ओपनिंग की थी। उन्होंने और रोहित ने ओपनिंग की थी। इसलिए मैं यह कहना चाहूंगा कि यह क्रम उनके लिए नया नहीं है।’
गावस्कर ने आगे कहा कि, ‘उन्होंने अब आपको अतिरिक्त विकल्प दे दिया है इसलिए जब भी आप टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए टीम का चयन करेंगे तो उनको तीसरे ओपनर के रूप में चुन सकते हैं, रोहित और केएल राहुल के बाद। अब बाकी चयनकर्ताओं के ऊपर है कि वो किस खिलाड़ी को मौका देते हैं।’