इरफान पठान ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए भारत की प्लेइंग XI को चुना, ऋषभ पंत को नहीं मिली जगह - क्रिकट्रैकर हिंदी

इरफान पठान ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए भारत की प्लेइंग XI को चुना, ऋषभ पंत को नहीं मिली जगह

भारत टी-20 वर्ल्ड कप 2022 का अपना पहला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ 23 अक्टूबर को खेलेगा।

Irfan Pathan. (Photo Source: Facebook)
Irfan Pathan. (Photo Source: Facebook)

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए भारतीय टीम की घोषणा हो गई है, इसी के साथ पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान ने इस टूर्नामेंट के पहले मुकाबले के लिए भारत की प्लेइंग XI को चुना है।

बता दें, टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल की टीम में वापसी हुई है। रिजर्व खिलाड़ियों में दीपक चाहर, मोहम्मद शमी, रवि बिश्नोई और श्रेयस अय्यर को शामिल किया गया है। टीम की कप्तानी रोहित शर्मा को मिली है जबकि उप-कप्तानी का जिम्मा केएल राहुल संभालेंगे।

इस 15 सदस्यीय टीम में ऋषभ पंत को भी चुना गया है। बता दें, पंत का फॉर्म लिमिटेड ओवर्स में काफी खराब रहा है। एशिया कप 2022 में भी वो बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे थे। इसी के साथ इरफान पठान का भी यही मानना है कि टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले मुकाबले में ऋषभ पंत प्लेइंग XI में अपनी जगह नहीं बना पाएंगे। पठान चाहते हैं कि दीपक हुड्डा को मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में खिलाया जाए और साथ ही साथ वो गेंदबाजी में भी आपके लिए मददगार साबित हो सकते हैं।

ये रही टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले मैच के लिए इरफान पठान की भारतीय प्लेइंग XI टीम

इरफान पठान ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया की परिस्थितियों को देखते हुए वो अनुभवी गेंदबाजों को प्लेइंग XI में जगह देंगे। उनके मुताबिक केएल राहुल, रोहित शर्मा और विराट कोहली उनके टॉप 3 बल्लेबाज होंगे और इसके बाद सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा और हार्दिक पांड्या 4,5,6 क्रम में बल्लेबाजी करने आएंगे। दिनेश कार्तिक को भी प्लेइंग XI में जगह दी गई है जिसका मतलब है ऋषभ पंत को जगह नहीं मिली है।

टीम की घोषणा के बाद इरफान पठान ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा कि, ‘देखिए मेरे समझ से, अगर आप अपना पहला मुकाबला खेल रहे हैं तो आपके पास अनुभवी गेंदबाज होने चाहिए, जिसमें एक स्पिनर को भी शामिल करना काफी जरूरी है। तो ऊपर से जो मेरी प्लेइंग XI है, वो यह है कि, ‘रोहित, राहुल, विराट कोहली (तीसरे नंबर पर), चौथे नंबर पर सूर्यकुमार यादव, पांचवे पर दीपक हुडा, छठवें पर हार्दिक पांड्या और सातवें पर दिनेश कार्तिक। आठवां नंबर दाएं हाथ के स्पिनर का होगा यानी युजवेंद्र चहल, 9-11 में भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल।

बिल्कुल सही टीम बनाना बेहद जरूरी है, इसलिए तीन में से दो क्वालिटी तेज गेंदबाज होंगे जो अंतिम ओवरों में भी शानदार गेंदबाजी कर सकते हैं। यही नहीं मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि मेरे पास संयोजन और तीन तेज गेंदबाजों में से चुनने की स्वतंत्रता हो। अर्शदीप सिंह भी अंतिम ओवरों में अच्छी गेंदबाजी कर सकते हैं। मेरी प्लेइंग XI बिल्कुल साफ है, एक स्पिनर भी इसमें रहेंगे।

इरफान पठान की प्लेइंग XI:

रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक, हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल।

close whatsapp