क्या जोस बटलर ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले ही हाथ खड़े कर दिए हैं? पढ़िए पूरी खबर - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्या जोस बटलर ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले ही हाथ खड़े कर दिए हैं? पढ़िए पूरी खबर

जोस बटलर ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान सीरीज के महत्व पर बात की।

Jos Buttler (Image Source: ECB Twitter)
Jos Buttler (Image Source: ECB Twitter)

इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान जोस बटलर ने पाकिस्तान के खिलाफ 20 सितंबर से शुरू हो रही सात मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के महत्व पर बात की और साथ ही बताया कि इस ऐतिहासिक दौरे पर खिलाड़ियों का प्रबंधन कितना ज्यादा महत्वपूर्ण है।

जोस बटलर ने स्वीकार किया कि इंग्लैंड क्रिकेट टीम 16 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए पूरी तरह तैयार नहीं है, इसलिए यह पाकिस्तान दौरा उनकी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण है, और साथ ही खिलाड़ियों को थोड़ा संभलकर खेलना होगा।

जोस बटलर ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा: “हम आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए पूरी तरह से तैयार नहीं हैं। इसलिए, हमारे लिए यह महत्वपूर्ण है कि हम खिलाड़ियों को वो सुविधा और छूट दें, जहां वे जो बनना चाहते हैं वो बन सके और साथ ही हम उन्हें उनकी  भूमिकाओं से परिचित भी कराएं। हमारी टीम में युवा और रोमांचक खिलाड़ी हैं, और मैं उन्हें देखने के लिए उत्सुक हूं कि वे पाकिस्तान में कैसा प्रदर्शन करते हैं।

हम सभी सही सलामत टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए रवाना होना चाहते हैं: जोस बटलर

इस समय हम एक टीम के रूप में एक अलग परिस्थिति में हैं, जहां कुछ खिलाड़ी चोटिल हैं, जो टी-20 वर्ल्ड कप 2022 तक फिट हो जाएंगे, तो वहीं कुछ खिलाड़ी पूरी तरह से फिट होकर पाकिस्तान दौरे पर वापसी कर रहे हैं। इसलिए, हमें इस पूरे दौरे पर उनका अच्छे से प्रबंधन करना होगा, क्योंकि सभी का मुख्य उद्देश्य ऑस्ट्रेलिया की ओर रुख करना है। पाकिस्तान दौरे से सभी सही सलामत टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए रवाना होना चाहते हैं।”

इंग्लैंड के कप्तान ने अंत में कहा: “ऐसा बिल्कुल भी नहीं है कि हम आगामी T20I सीरीज जीतने के लिए पसंदीदा टीम है, क्योंकि हमें पता है कि पाकिस्तान टीम कितनी मजबूत है, और वहां की परिस्थितियां हमारे लिए नई है, वहीं T20I क्रिकेट में कुछ भी तय नहीं होता है, इसलिए मैं फिलहाल कुछ नहीं कह सकता हूं। इंग्लैंड और पाकिस्तान दोनों ही टीमों के पास बहुत सारे मैच विजेता खिलाड़ी हैं, और T20I क्रिकेट में आपको इससे ज्यादा क्या चाहिए।

हम सभी को पता है कि T20I क्रिकेट में किसी एक खिलाड़ी का दमदार प्रदर्शन भी मैच का रुख पलट सकता है। हालांकि, यह सात मैचों की T20I सीरीज बहुत चुनौतीपूर्ण होने वाली है, क्योंकि कुछ बैक-टू-बैक मैच भी हैं। इसलिए हम निश्चित रूप से अपने खिलाड़ियों के कार्यभार को अच्छे से मैनेज करना चाहते हैं, खासकर कुछ गेंदबाजों को ताकि वे आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए फिट रहे।”

 

close whatsapp