असगर अफगान ने एशिया कप 2022 में भारत के निराशाजनक प्रदर्शन के पीछे की बताई असली वजह
असगर अफगान ने भारत के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 जीतने की संभावनाओं पर बात की।
अद्यतन - सितम्बर 16, 2022 4:30 अपराह्न

अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान असगर अफगान ने भारत के एशिया कप 2022 में निराशाजनक प्रदर्शन को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है। आपको बता दें, टीम इंडिया ने एशिया कप 2022 के ग्रुप मैचों में पाकिस्तान और हांगकांग को मात देकर सुपर फोर स्टेज में जगह पक्की की थी।
लेकिन एशिया कप 2022 के सुपर फोर स्टेज में भारत को पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ करारी का हार का सामना करना पड़ा, नतीजन वे फाइनल में जगह नहीं बना पाए। भारतीय क्रिकेट टीम ने सुपर फोर स्टेज में केवल एक मैच अफगानिस्तान के खिलाफ जीता था, और श्रीलंका ने अंत में एशिया कप का खिताब अपने नाम किया।
चीजों को हल्के में लेना भारत को भारी पड़ा: असगर अफगान
इस बीच, असगर अफगान ने दावा किया है कि टीम इंडिया ने चीजों को हल्के में ले लिया था, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें एशिया कप 2022 के सुपर फोर स्टेज में पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि रवींद्र जडेजा के चोटिल होने से भारतीय टीम का संतुलन बिगड़ गया, जो सुपर फोर स्टेज उनके निराशाजन प्रदर्शन के पीछे का मुख्य कारण है।
असगर अफगान ने हिंदुस्तान टाइम्स के हवाले से कहा: “भारत कागज पर एशिया कप 2022 जीतने के लिए पसंदीदा टीम थीं। भारत के पास बेहद संतुलित टीम थी, लेकिन शायद उन्होंने चीजों को थोड़ा हल्के में लिया, जिसका खामियाजा उन्हें भुकतना पड़ा। लेकिन मुझे यह भी लगता है कि सुपर 4 चरण में पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ भारत की हार का मुख्य कारण रवींद्र जडेजा की चोट थी। उनकी चोट ने भारत के संतुलन को बहुत ज्यादा प्रभावित किया।”
हालांकि, अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान का मानना है कि भारत के पास ऑस्ट्रेलिया में टी-20 वर्ल्ड कप 2022 जीतने का एक अच्छा मौका है, अगर वे एशिया कप 2022 के दौरान मिली निराशा पर काम करते हैं, और केएल राहुल जैसे खिलाड़ियों को सपोर्ट करते हैं।
उन्होंने अंत में कहा: “भारत को अपने खिलाड़ियों और टीम का समर्थन करना चाहिए। एशिया कप में उनके निराशाजनक प्रदर्शन के कारण आप उन्हें खराब टीम नहीं कह सकते हैं। हार और जीत खेल में लगी रहती हैं। मुझे लगता है कि भारत के पास टी-20 वर्ल्ड कप 2022 जीतने का बहुत अच्छा मौका है।”