घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद इंडिया ए टीम में बाबा इंद्रजीत को नहीं मिली जगह, शतक जड़ सबकी बोलती की बंद
पहले सेमीफाइनल में साउथ जोन की ओर से खेलते हुए नॉर्थ जोन के खिलाफ उन्होंने 65 रन की शानदार पारी खेली और अब कोयंबटूर में खेले जा रहे फाइनल मुकाबले में भी वेस्ट जोन के खिलाफ पहली पारी में 118 रन की महत्वपूर्ण शतकीय पारी खेली।
अद्यतन - Sep 23, 2022 2:16 pm

पिछले कुछ समय से बाबा इंद्रजीत का प्रदर्शन घरेलू क्रिकेट में काफी शानदार रहा है। इस समय चल रहे दिलीप ट्रॉफी में भी उन्होंने अभी तक बेहतरीन प्रदर्शन किया है। पहले , सेमी-फाइनल में साउथ जोन की ओर से खेलते हुए नॉर्थ जोन के खिलाफ उन्होंने 65 रन की शानदार पारी खेली और अब कोयंबटूर में खेले जा रहे फाइनल मुकाबले में भी वेस्ट जोन के खिलाफ पहली पारी में 118 रन की महत्वपूर्ण शतकीय पारी खेली।
इसमें कोई शक नहीं है कि बाबा इंद्रजीत तमिलनाडु की ओर से स्पिन खेलने वाले सबसे बेहतरीन खिलाड़ी है। उनको हमेशा स्पिनरों के ऊपर दबाव डालते हुए देखा गया है। 22 सितंबर को भी उन्होंने शम्स मुलानी, जो रणजी ट्रॉफी 2021-22 सत्र के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं और उनके मुंबई के साथी तनुष कोटियन के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी की।
बाबा इंद्रजीत ने ESPN क्रिकइंफो को बताया कि, ‘मुझे काफी अच्छा लग रहा है दिलीप ट्रॉफी के फाइनल में शतक जड़कर। मैं इस चीज के बारे में ज्यादा नहीं सोचता कि विरोधी टीम के पास बड़े नाम के खिलाड़ी हैं, मैं बस अपनी बल्लेबाजी को लेकर फोकस में रहता हूं।
अगर मैं जल्दी आउट हो गया तो कोई बात नहीं लेकिन अगर मैंने कुछ गेंदें खेली तो मुझे पता है कि मैं बड़ा स्कोर बनाने की क्षमता रखता हूं। इस फाइनल मुकाबले में भी मुझे लगा कि मैं अपने शॉट्स आराम से खेल सकता हूं, इसलिए मैंने धैर्य के साथ अपनी पारी को आगे बढ़ाया और शतक पूरा किया।’
बहुत बुरा लगा जब मुझे इंडिया ए टीम में शामिल नहीं किया गया: बाबा इंद्रजीत
उन्होंने आगे कहा कि, ‘एक बार जब मैं 15-20 रन तक पहुंच गया तब मुझे ऐसा लगा कि मैं गेंद को अच्छी तरह से खेल रहा हूं इसलिए मैंने इसका पूरा इस्तेमाल किया। मैं लाल गेंद क्रिकेट इसी सोच के साथ खेलता हूं। स्पिनरों के खिलाफ जब भी मुझे मौका मिलता है मैं अपने पैरों का इस्तेमाल काफी अच्छी तरह से करता हूं। मेरे अंदर रनों की भूख है लेकिन मैं ज्यादा खतरा नहीं लेता।’
बाबा इंद्रजीत का फॉर्म लाल गेंद क्रिकेट में पिछले कुछ समय से काफी अच्छा रहा है। उनके फॉर्म को देखते हुए ऐसा माना जा रहा था कि उन्हें इंडिया ए बनाम न्यूजीलैंड ए के बीच टेस्ट सीरीज में टीम में शामिल किया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसको लेकर इंद्रजीत ने अपना बयान सबके सामने रखा है।
उन्होंने आगे कहा कि, ‘सच बताऊं तो मुझे पूरी उम्मीद थी कि इंडिया ए टीम में मेरा नाम जरूर शामिल किया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मुझे बहुत बुरा लगा लेकिन 2 दिन के बाद में फिर से ठीक हो गया। मैं किसी को दिखाने के लिए नहीं खेलता हूं क्योंकि इससे दबाव मेरे ऊपर ही आ जाएगा।
इसलिए मैं इन सब चीजों के बारे में ज्यादा ना सोचकर उन चीजों पर ध्यान देता हूं जो मैं रोज घरेलू क्रिकेट में करता हूं। लेकिन जब भी टीम के चयन को लेकर सवाल उठते हैं तो मैं इन सब चीजों के बारे में बहुत सोचता हूं। जब भी मैं 30 या 40 रन पर खेल रहा होता हूं तो मेरे दिमाग में यही चल रहा होता है कि अब इसे बड़ी पारी में तब्दील करना है।’
दिनेश कार्तिक की भारतीय टीम में वापसी को लेकर बाबा इंद्रजीत ने कही ये बात
बाबा इंद्रजीत ने तमिलनाडु टीम के अपने साथी और करीबी दोस्त दिनेश कार्तिक से प्रेरणा ली है। वो उनको अपना दोस्त और आदर्श मानते हैं।
इंद्रजीत ने आगे कहा कि, ‘दिनेश कार्तिक अन्ना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जबरदस्त वापसी की है और वो एक लक्ष्य के साथ इस बार खेलने उतरे थे। वर्ल्ड कप टीम में अपनी जगह हासिल करना बहुत बड़ी बात है। जब भी आप उनको देखते हैं तो आप और मेहनत करना चाहते हैं।
उनको देखकर आपका आत्मविश्वास भी और बढ़ता है। किस तरीके की वापसी उन्होंने की है उससे काफी लोगों को प्रेरणा लेनी चाहिए, इसलिए जब भी मुश्किल समय आए आप उससे लड़े और मेहनत करें, जिससे आपकी टीम में जगह पक्की हो पाए।’