PAK vs ENG: गद्दाफी स्टेडियम के प्रतिबंधित इलाके में घुसने की वजह से टिकटॉकर अली फैजान के खिलाफ हुई शिकायत दर्ज - क्रिकट्रैकर हिंदी

PAK vs ENG: गद्दाफी स्टेडियम के प्रतिबंधित इलाके में घुसने की वजह से टिकटॉकर अली फैजान के खिलाफ हुई शिकायत दर्ज

फैजान PCB बोर्ड रूम में घुसे और उन्होंने वहां एक वीडियो शूट किया, यही नहीं वो चेयरमैन रमीज राजा के दफ्तर के अंदर भी गए और वहां उन्होंने उनकी कुर्सी पर बैठकर भी वीडियो शूट किया।

tiktokker ali faizan (pic source-twitter)
tiktokker ali faizan (pic source-twitter)

पाकिस्तानी टिकटॉकर अली फैजान ने गद्दाफी स्टेडियम के नेशनल हाई परफॉर्मेंस सेंटर (NHPC) में एक वीडियो शूट किया है जो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें, फैजान PCB बोर्ड रूम में घुसे और उन्होंने वहां एक वीडियो शूट किया, यही नहीं वो चेयरमैन रमीज राजा के दफ्तर के अंदर भी गए और वहां उन्होंने उनकी कुर्सी पर बैठकर भी वीडियो शूट किया।

इस वीडियो को देखने के बाद सवाल उठाए जा रहे हैं कि आखिर कैसे अली फैजान इतनी कड़ी सिक्योरिटी होने के बावजूद स्टेडियम के हाई परफॉर्मेंस सेंटर के अंदर चले गए जहां मीडिया तक को जाने की अनुमति नहीं है। टिकटॉकर द्वारा अपने चैनल पर सभी वीडियो पोस्ट करने के बाद क्रिकेट जगत में तमाम लोगों ने चिंता व्यक्त की है, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इसको लेकर कुछ नहीं कहा है।

पाकिस्तान के आज टीवी के मुताबिक यह कहा जा रहा है कि, ‘मीडिया कर्मियों को स्टेडियम की कुछ जगहों पर जाने की अनुमति नहीं है और वहीं अली फैजान ने एक अंदरूनी सूत्र की मदद से हाई परफॉर्मेंस सेंटर के अंदर प्रवेश कर लिया। हालांकि उन्होंने यह भी खुलासा किया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने आधिकारिक तौर पर टिकटॉकर के खिलाफ शिकायत दर्ज की है।

सबसे बड़ी बात यह है कि PCB ने उमर अकमल और अहमद शहजाद सहित कुछ क्रिकेटरों को नेशनल हाई परफॉर्मेंस सेंटर (NHPC) में अभ्यास करने से मना कर दिया है क्योंकि इंग्लैंड और पाकिस्तान टीम के बीच 7 मुकाबलों की टी-20 सीरीज खेली जा रही है। बता दें, NHPC लाहौर, गद्दाफी स्टेडियम के पास है और शुरुआती चार मुकाबले कराची में खेले जाने के बाद अब इन दोनों टीमों के बचे हुए तीन टी-20 मुकाबले इसी स्टेडियम में खेले जाएंगे और इसी वजह से सभी खिलाड़ी यहां पर अभ्यास कर रहे हैं।

पाकिस्तान सीरीज में 3-2 से आगे

टी-20 सीरीज की बात की जाए तो 28 सितंबर को खेले गए पांचवें टी-20 मुकाबले में पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 6 रन से मात देकर इस सीरीज में 3-2 की बढ़त बना ली है। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान टीम 19 ओवर में 145 रन पर ऑल आउट हो गई। मोहम्मद रिजवान ने 46 गेंदों में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 63 रन बनाए।

जवाब में इंग्लैंड टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 139 रन ही बना पाई। टीम की ओर से कप्तान मोइन अली ने सर्वाधिक 37 गेंदों में 2 चौके और 4 छक्के की मदद से 51* रन बनाए। अगर इंग्लैंड को यह सीरीज जीतनी है तो उन्हें बचे हुए दोनों मुकाबले जीतने होंगे।

close whatsapp