एशिया कप 2022: श्रीलंका के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले से पहले अफगानिस्तान के राशिद खान ने अभ्यास सत्र में बहाया पसीना, देखें वीडियो
इंस्टाग्राम में एक वीडियो साझा की गई है जिसमें देखा जा सकता है कि राशिद लंबे-लंबे शॉट्स जड़ रहे हैं। उन्होंने इस अभ्यास सत्र में बिना देखें छक्के का भी अभ्यास किया।
अद्यतन - अगस्त 27, 2022 4:51 अपराह्न

आज यानी 27 अगस्त से एशिया कप 2022 की शुरुआत होने वाली है। पहला मुकाबला अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। दोनों ही टीमें इस मुकाबले को जीतने के इरादे से उतरेगी। यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।
जहां एक तरफ श्रीलंका की कप्तानी का जिम्मा दसुन शनाका को मिला है वहीं दूसरी ओर अफगानिस्तान की कप्तानी मोहम्मद नबी करेंगे। अफगानिस्तान टीम के स्टार ऑलराउंडर राशिद खान को इस मुकाबले से पहले नेट्स में जमकर अभ्यास करते हुए देखा गया। बता दें, स्पिन गेंदबाजी के साथ-साथ राशिद खान बल्लेबाजी से भी टीम के लिए नीचे आकर महत्वपूर्ण रन बनाने की क्षमता रखते हैं। राशिद ने नेट्स में गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी जमकर अभ्यास किया।
इंस्टाग्राम में एक वीडियो साझा की गई है जिसमें देखा जा सकता है कि राशिद लंबे-लंबे शॉट्स जड़ रहे हैं। उन्होंने इस अभ्यास सत्र में बिना देखें छक्के का भी अभ्यास किया। अपने सोशल मीडिया अकाउंट से इस वीडियो को साझा करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘मुकाबले का दिन है और हम सब तैयार हैं।
ये रही दोनों देशों की टीमें:
टीम की बात की जाए तो, जहां एक तरफ श्रीलंका के पास स्पिन डिपार्टमेंट में वनिन्दु हसारंगा, महेश तीक्ष्णा, जेफरी वेंडरसे और धनंजय डी सिल्वा है वहीं अफगानिस्तान टीम के पास अनुभवी मोहम्मद नबी, राशिद खान, मुजीब उर रहमान और नूर उल अहमद हैं।
पिच रिपोर्ट के मुताबिक यहां स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिलेगी। अफगानिस्तान के लिए चिंता का विषय होंगे श्रीलंकाई कप्तान दसुन शनाका जिन्होंने पिछले कुछ महीनों में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। जनवरी 2022 से उन्होंने 11 मुकाबलों में 145 के ऊपर स्ट्राइक रेट से 308 रन बनाए हैं जिसमें 2 अर्धशतक भी हैं। उनके और राशिद खान के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिलेगा। कुल 6 टीमों को दो अलग-अलग वर्गों में बांटा गया है। इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 11 सितंबर को खेला जाएगा।
राशिद खान ने स्पोर्ट्स जनरलिस्ट सवेरा पाशा से बात करते हुए यूट्यूब में कहा कि, ‘मेरे लिए विराट कोहली और बाबर आजम दोनों को ही गेंदबाजी करना काफी मुश्किल है। जिस तरीके के वो बल्लेबाज हैं वो कोई भी खराब गेंद को नहीं छोड़ते हैं। इसलिए मेरे लिए दोनों को गेंदबाजी करना काफी मुश्किल है लेकिन यह चुनौती मुझे काफी अच्छी लगती है। यही कोशिश रहेगी कि इन दो बल्लेबाजों को मैं खराब गेंदें ना फेंकू।
ये रही दोनों टीमें:
श्रीलंका टीम:
दसुन शनाका (कप्तान), धनुष्का गुणथिलका, पथुम निसंका, कुसल मेंडिस, चरित असलंका, भानुका राजपक्षे, आशेन बंडारा, धनंजय डी सिल्वा, वनिन्दु हसरंगा, महेश थीक्षाना, जेफरी वेंडरसे, प्रवीण जयविक्रमा, चमिका करुणारत्ने, दिलशान पथिराना, नुवानीडु फर्नांडो, दिनेश चांडीमल
अफगानिस्तान टीम:
मोहम्मद नबी (कप्तान), नजीबुल्लाह जादरान, अफसर जजाई, अजमतुल्लाह ओमरजई, फरीद अहमद मलिक, फजलहक फारूखी, हशमतुल्ला शाहिदी, हजरतुल्लाह जजाई, इब्राहिम जादरान, करीम जनत, मुजीब उर रहमान, नूर उल अहमद, रहमानुल्ला गुरबाज, राशिद खान, समीउल्लाह शेनवारी, नवीन उल हक