'MCG मेरा घरेलू मैदान है': हरिस रउफ ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले टीम इंडिया को दी चेतावनी - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘MCG मेरा घरेलू मैदान है’: हरिस रउफ ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले टीम इंडिया को दी चेतावनी

एशिया कप 2022 में भारत के खिलाफ दो मैच खेलते ही हरिस रउफ का आत्मविश्वास सिर चढ़ गया है!

Haris Rauf Warns India (Image Source: Getty Images)
Haris Rauf Warns India (Image Source: Getty Images)

भारत और पाकिस्तान 23 अक्टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में एक दूसरे के खिलाफ अपने आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 अभियान की शुरुआत करेंगे और हरिस रउफ ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ अपने घरेलू मैदान में कैसे गेंदबाजी करना है इसकी योजना बनाना भी शुरू कर दिया है।

पाकिस्तानी तेज गेंदबाज ने कहा कि वह अगले महीने होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के भारत बनाम पाकिस्तान ग्रुप मैच में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेलने के अपने अनुभव का इस्तेमाल करने के लिए बेहद उत्सुक हैं।

हरिस रउफ ने आगे कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले क्रिकेट मैच हमेशा उच्च दबाव वाले होते हैं, लेकिन अब वह इसके आदी हो गए हैं, और सिर्फ अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करते हैं, इसलिए वह आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के बहु-प्रतीक्षित मैच के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

भारत बनाम पाकिस्तान मैच के लिए तैयार हैं हरिस रउफ

रऊफ ने एमसीजी (MCG) को  अपना घरेलू मैदान बताते हुए टीम इंडिया को आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के ग्रुप मैच में उन्हें हल्के में न लेने की चेतावनी भी दी है, क्योंकि वह बीबीएल (BBL) में मेलबर्न स्टार्स के लिए खेल चुके हैं, इसलिए उन्हें एमसीजी की स्थितियों में कब क्या करना है बहुत अच्छे से पता है।

हरिस रउफ ने लाहौर में एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा: “भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले मैच हमेशा उच्च दबाव वाले होते हैं। प्रतिद्वंद्वी कोई भी हो, यह हमेशा उच्च दबाव वाला खेल होता है। पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान मैं काफी दबाव महसूस कर रहा था। लेकिन एशिया कप 2022 में भारत के खिलाफ दो मैच खेलने के दौरान मुझे ज्यादा दबाव का अहसास नहीं हुआ, क्योंकि मुझे पता था कि मुझे अपना सर्वश्रेष्ठ देना है।

अगर मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देता हूं, तो भारतीय बल्लेबाज मेरे खिलाफ आसानी से नहीं खेल पाएंगे। मैं आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के भारत बनाम पाकिस्तान ग्रुप मैच के लिए बहुत खुश हूं, क्योंकि यह मैच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में खेला जाना है। एमसीजी (MCG) मेरा घरेलू मैदान है, क्योंकि मैं बीबीएल में मेलबर्न स्टार्स के लिए खेलता हूं, इसलिए मुझे इस बात का अंदाजा है कि वहां की परिस्थितियां कैसी होती हैं। मैंने पहले से ही योजना बनाना शुरू कर दिया है कि मैं भारत के खिलाफ कैसी गेंदबाजी करूंगा।”

close whatsapp