दीप्ति शर्मा-चार्ली डीन रन आउट विवाद को लेकर हरमनप्रीत कौर ने किए अहम खुलासे
हरमनप्रीत कौर ने कहा लोगों को दीप्ति शर्मा-चार्ली डीन रन-आउट विवाद से आगे बढ़ने की जरूरत है।
अद्यतन - Oct 1, 2022 3:00 pm

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने दीप्ति शर्मा-चार्ली डीन रन-आउट विवाद पर महिला एशिया कप 2022 के आगाज से पहले अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की। स्टार बल्लेबाज ने जोर देकर दोहराया कि भारतीय टीम ने चार्ली डीन को नॉन-स्ट्राइकर एंड पर रन आउट करते हुए पूरी तरह से नियमों का पालन किया, और इसमें स्पिन ऑलराउंडर पर दोष मढ़ना गलत है।
आपको बता दें, दीप्ति शर्मा ने 24 सितंबर को चार्ली डीन को दो बार चेतावनी देने के बावजूद बहुत अधिक बैक अप लेने के लिए नॉन-स्ट्राइकर एंड पर रन आउट किया था, और भारतीय महिला टीम को तीसरे और अंतिम वनडे मैच में इंग्लैंड को 16 रनों से मात देकर लॉर्ड्स में 3-0 से ऐतिहासिक वनडे सीरीज जीतने में मदद की थी।
हमें दीप्ति शर्मा-चार्ली डीन रन-आउट विवाद से आगे बढ़ने की जरूरत है: हरमनप्रीत कौर
जिसके बाद भारतीय ऑलराउंडर की खेल भावना के खिलाफ जाने के लिए जमकर आलोचना की जा रही है, और अब तक मांकड़ का मुद्दा क्रिकेट बिरादरी के बीच चर्चा का मुद्दा बना हुआ है। इस बीच, 1 अक्टूबर को खेले जाने वाले महिला एशिया कप 2022 के भारत बनाम श्रीलंका मैच से पहले हरमनप्रीत कौर ने मांकड़ के मुद्दे को यह कहकर समाप्त करने की कोशिश की कि उनकी टीम ने जो कुछ भी किया वो नियमों के भीतर था।
हरमनप्रीत कौर ने प्री-मैच प्रेस कांफ्रेंस में मीडिया को बताया: “हम इंग्लैंड के खिलाफ पिछले कुछ मैचों से ही चार्ली डीन पर ध्यान दे रहे थे। लॉर्ड्स में खेले गए अंतिम वनडे से पहले भी चार्ली ने कई बार अधिक बैक अप लिया था और अनुचित लाभ उठा रही थी। यह तो दीप्ति की जागरूकता थी कि उसने दोबारा यह नोटिस किया और उसे रन-आउट किया। ऐसा करना हमारी योजना का हिस्सा नहीं था, लेकिन उस समय दोनों ही टीमें मैच जीतना चाहती थी।
जब भी आप मैदान पर होते हैं तो आप किसी भी कीमत पर मैच जीतना चाहते हैं, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात नियमों का पालन करते हुए खेलना है। हमने जो कुछ भी किया वह काफी हद तक नियमों के भीतर था। जो कुछ भी हुआ, वह हमारी योजना का हिस्सा नहीं था, लेकिन उस समय दीप्ति को जो सही लगा उसने खेल के नियमों का पालन करते हुए वो किया, और वो चीज बीत गई है, अब हमें आगे बढ़ने की जरूरत है।”