दूसरी बार पापा बने अजिंक्य रहाणे, पत्नी राधिका ने दिया बेटे को जन्म
भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे एक बार फिर से पिता बने हैं।
अद्यतन - अक्टूबर 6, 2022 10:46 पूर्वाह्न

टीम इंडिया के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे और उनकी पत्नी राधिका धोपावकर दूसरी बार माता-पिता बने। रहाणे ने बुधवार, 5 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर इस खबर को साझा किया। उन्होंने बताया कि, आज उनकी पत्नी राधिका धोपावकर ने बेटे को जन्म दिया है। संयोग की बात ये है कि आज ही के दिन उनकी बेटी का भी जन्म हुआ था।
रहाणे ने ट्विटर और इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि, “आज सुबह राधिका और मैंने दुनिया में अपने बच्चे का स्वागत किया। राधिका और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। हम आप सभी के प्यार और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं!” आपको बता दें कि, अजिंक्य रहाणे और राधिका धोपावकर 26 सितंबर 2014 को शादी के बंधन में बंधे थे।
यहां देखिए रहाणे का वो पोस्ट
— Ajinkya Rahane (@ajinkyarahane88) October 5, 2022
भारतीय टेस्ट टीम से बाहर चल रहे रहाणे चोट से उबरने के बाद हाल ही में समाप्त हुई दलीप ट्रॉफी में वापसी की थी। इस साल आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए रहाणे को हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। इस कारण उन्होंने आईपीएल 2022 के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी खेल नहीं खेला था।
दिलीप ट्रॉफी में अजिंक्य रहाणे ने किया था अच्छा प्रदर्शन
तीन महीने से अधिक समय के बाद वापसी करते हुए रहाणे ने वेस्ट जोन की अगुवाई करते हुए रिकॉर्ड 19वां दलीप ट्रॉफी खिताब अपने नाम किया। पृथ्वी शॉ, यशस्वी जायसवाल और जयदेव उनादकट जैसे अनुभवी और युवा खिलाड़ियों उनकी टीम में शामिल थे। उनकी टीम ने दिलीप ट्रॉफी के फाइनल में साउथ जोन को 294 रनों से हराया था।
दिलीप ट्रॉफी में वापसी करते हुए रहाणे ने तीन मैचों में नाबाद 207 रन की पारी सहित 250 रन बनाए थे। रहाणे अब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की अगुवाई करेंगे। मुंबई की टीम में यशस्वी जायसवाल, पृथ्वी शॉ, सरफराज खान और शार्दुल ठाकुर जैसे अन्य खिलाड़ी शामिल हैं और घरेलू टी-20 प्रतियोगिता के प्रबल दावेदारों में से एक हैं।