अंगूठे में फ्रैक्चर के कारण ड्वेन प्रिटोरियस हुए टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर - क्रिकट्रैकर हिंदी

अंगूठे में फ्रैक्चर के कारण ड्वेन प्रिटोरियस हुए टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर

मार्को जेनसन को दक्षिण अफ्रीका के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में ड्वेन प्रिटोरियस की जगह ले सकते हैं।

Dwaine Pretorius (Image Source: Getty Images)
Dwaine Pretorius (Image Source: Getty Images)

दक्षिण अफ्रीका को ऑस्ट्रेलिया में होने वाले आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले एक बड़े झटके का सामना करना पड़ा है, क्योंकि उनके स्टार ऑलराउंडर ड्वेन प्रिटोरियस अंगूठे की चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।

अनुभवी तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर ने भारत के खिलाफ इंदौर में 4 अक्टूबर को खेले गए तीसरे और अंतिम T20I मैच के दौरान अपना बाएं अंगूठा फ्रैक्चर कर दिया, जिसके कारण वह भारत के खिलाफ जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज और आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर हो गए हैं।

ड्वेन प्रिटोरियस टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले हुए चोटिल

आपको बता दें, ड्वेन प्रिटोरियस ने भारत दौरे पर केवल मैच इंदौर में खेला था, जहां उन्होंने अपने चार ओवरों में 26 रन देकर तीन विकेट चटकाएं थे, और दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को यह मैच 49 रनों से जीतने में मदद की थी। इसके साथ ही मेहमान टीम भारत में 3-0 से T20I सीरीज हारने से बच गई थी।

इस बीच, क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) ने 6 अक्टूबर को पुष्टि की है कि ड्वेन प्रिटोरियस अंगूठे की चोट के कारण भारत में जारी वनडे सीरीज और आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर हो गए हैं। जिसके बाद मार्को जेनसन को दक्षिण अफ्रीका की वनडे टीम में शामिल किया गया है। जेनसन एंडिले फेहलुकवेओ और ब्योर्न फोर्टुइन के साथ टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए दक्षिण अफ्रीका के स्क्वाड में तीन रिजर्व खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं, और वह टीम में प्रिटोरियस की जगह ले सकते हैं।

सीएसए के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ शुएब मांजरा ने एक आधिकारिक बयान में कहा: “हमें चोट की गहराई का पता लगाने के लिए सर्जन की मदद की जरुरत है, और ड्वेन दक्षिण अफ्रीका पहुंचने पर क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका द्वारा सुझाए गए हैंड सर्जन से परामर्श करेंगे। वह सामान्य रिहैब प्रक्रियाओं का पालन करेंगे ताकि वह जल्द से जल्द मैदान में वापसी कर सके।”

आपको बता दें, ड्वेन प्रिटोरियस से पहले स्टार बल्लेबाज रस्सी वान डेर डूसन टूटी हुई उंगली के कारण टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर हो गए थे।

close whatsapp