टी-20 वर्ल्ड कप 2022: तमाम टीमें अपने चोटिल खिलाड़ियों को लेकर है चिंतित, आप भी जाने इस लिस्ट के बारे में
जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में शाहीन अफरीदी के दाएं घुटने में चोट लग गई थी जिसकी वजह से वो एशिया कप 2022 में भी नहीं खेल पाए थे।
अद्यतन - अक्टूबर 7, 2022 1:14 अपराह्न

हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के बेहतरीन ऑलराउंडर ड्वेन प्रिटोरियस चोटिल होने की वजह से आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर हो गए हैं। टी-20 वर्ल्ड कप के इस सत्र में तमाम टीमों ने अपने बेहतरीन खिलाड़ियों को खो दिया है। बता दें, भारत के खिलाफ तीसरे टी-20 मुकाबले में प्रिटोरियस के अंगूठे में चोट लग गई थी जिसकी वजह से उन्हें इस मुख्य टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है।
भारतीय टीम से स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी चोटिल होने की वजह से इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। इससे पहले इस बात की भी पुष्टि हो गई थी कि रवींद्र जडेजा इस मुख्य टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे।
शाहीन अफरीदी और नसीम शाह को लेकर चिंतित पाकिस्तान
पाकिस्तान टीम की बात की जाए तो तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी और नसीम शाह को लेकर पूरा मैनेजमेंट अभी भी काफी चिंतित है। जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में शाहीन अफरीदी के दाएं घुटने में चोट लग गई थी जिसकी वजह से वो एशिया कप 2022 में भी नहीं खेल पाए थे।
उन्होंने लंदन में अपना रिहैबिलिटेशन शुरू किया और टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के दल में उन्हें शामिल कर लिया गया। जैसे भारतीय टीम के लिए जसप्रीत बुमराह सबसे महत्वपूर्ण तेज गेंदबाज है वैसे पाकिस्तान के लिए शाहीन अफरीदी का इस टूर्नामेंट में खेलना बेहद जरूरी है।
एशिया कप 2022 में हम सब ने देखा कि कैसे बिना शाहीन अफरीदी के टीम ने काफी खराब प्रदर्शन किया। वहीं दूसरी ओर नसीम शाह ने इंग्लैंड के खिलाफ पहला टी-20 मुकाबला खेला लेकिन उसके बाद उन्हें निमोनिया हो गया। निमोनिया के बाद इस पाकिस्तान तेज गेंदबाज के लिए परेशानी और भी बढ़ गई क्योंकि वो इसके बाद कोविड संक्रमित पाए गए। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ बचे हुए 6 टी-20 मुकाबले नहीं खेले, लेकिन हालिया रिपोर्ट के मुताबिक आगामी टी-20 वर्ल्ड कप के लिए वो पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।
श्रीलंका टीम भी अपने स्टार तेज गेंदबाजों की चोट को लेकर चिंतित
श्रीलंका के अनुभवी तेज गेंदबाज दुष्मंथा चमीरा और लाहिरु कुमारा को 15 सदस्यीय दल में शामिल किया गया है। बता दें, जून में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चमीरा को टखने में चोट लग गई थी और वो इससे अभी उबर रहे हैं वहीं दूसरी ओर कुमारा ने मार्च 2022 के बाद से कोई भी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला है।
हालांकि टीम बिना खतरा मोल लिए दिलशान मधुशंका और प्रमोद मधुशन को प्लेइंग XI में आगे भी खिलाना चाहेगी, जिन्होंने एशिया कप 2022 में बेहतरीन प्रदर्शन किया था।
द हंड्रेड 2022 टूर्नामेंट में इंग्लैंड कप्तान जॉस बटलर को मेनचेस्टर ओरिजिनल्स की ओर से खेलते हुए पिंडली में चोट लग गई थी। हाल ही में संपन्न हुई पाकिस्तान के खिलाफ सात मुकाबलों की टी-20 सीरीज में उन्होंने एक भी मैच नहीं खेला था। रिपोर्ट की माने तो वो अपनी चोट से उबर चुके हैं और टी-20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जबरदस्त वापसी कर सकते हैं।
ये रही उन खिलाड़ियों की लिस्ट जो टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले चोटिल या अभी ठीक हुए हैं:
मार्कस स्टोइनिस (वेस्टइंडीज सीरीज में नहीं खेलेंगे)
जोस बटलर (पाकिस्तान श्रृंखला में नहीं खेला)
ड्वेन प्रिटोरियस (टूर्नामेंट से हुए बाहर)
जसप्रीत बुमराह (टूर्नामेंट से हुए बाहर)
रवींद्र जडेजा (टूर्नामेंट से हुए बाहर)
शाहीन अफरीदी (टी-20 विश्व कप तक फिट होने की उम्मीद)
नसीम शाह (कोविड, निमोनिया से कथित तौर पर ठीक हो गए)
दुष्मंथा चमीरा (चोटिल, फिटनेस के अधीन चयनित)
लाहिरू कुमारा (चोटिल, फिटनेस के अधीन चयनित)