‘रन बना रहा हूं, काफी मेहनत कर रहा हूं, लेकिन…..’- वनडे सीरीज में जगह नहीं मिलके बाद छलका पृथ्वी शॉ का दर्द
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज में भारत की बी टीम खेल रही है।
अद्यतन - अक्टूबर 8, 2022 4:59 अपराह्न

भारतीय टीम इस समय अपने ही घर पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेल रही है। टीम के तमाम मुख्य खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया में आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए रवाना हो चुके हैं। इस वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम की कप्तानी शिखर धवन संभाल रहे हैं। इस टीम में तमाम युवा खिलाड़ियों को मौका मिला, लेकिन पृथ्वी शॉ को इस सीरीज के लिए भी नजरअंदाज किया।
बता दें, पृथ्वी शॉ ने रणजी ट्रॉफी के पिछले संस्करण में मुंबई के लिए और न्यूजीलैंड ए के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में इंडिया ए के लिए जबरदस्त प्रदर्शन किया था। लेकिन इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने उनको दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में शामिल नहीं किया।
बता दें, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज में जहां एक तरफ बल्लेबाजी में शुभमन गिल, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर और इशान किशन को टीम में शामिल किया गया है, वहीं दूसरी ओर गेंदबाजी लाइनअप में दीपक चहर, आवेश खान, कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई और मोहम्मद सिराज को जगह दी गई है।
पृथ्वी शॉ ने मिड-डे से बातचीत के दौरान कहा कि, ‘मैं बहुत ही दुखी हो गया हूं। मैं रन बना रहा हूं, काफी मेहनत कर रहा हूं, लेकिन उसके बावजूद मुझे मौका नहीं मिल रहा है। लेकिन ठीक है, जब भारतीय टीम के चयनकर्ता को लगेगा कि मैं पूरी तरह से तैयार हूं वो मुझे टीम में जरूर शामिल करेंगे। मुझे जो भी मौका मिलेगा फिर चाहे वो इंडिया ए के लिए हो या किसी दूसरी टीम के लिए मैं अच्छा प्रदर्शन करने को देखूंगा।’
मैंने पिछले IPL से 6-7 किलो वजन कम किया है: पृथ्वी शॉ
अपने वजन को लेकर पृथ्वी शॉ ने कहा कि, ‘भले ही मैंने अपनी बल्लेबाजी में ज्यादा काम ना किया हो लेकिन अपनी फिटनेस पर पूरा ध्यान दिया है। मैंने वजन कम करने के लिए भी काफी काम किया। पिछले IPL से मैंने 6 से 7 किलो वजन कम किया है। मैंने जिम में काफी समय व्यतीत किया और काफी रनिंग की। मैंने कोल्ड ड्रिंक या मिठाई नहीं खाई। चाइनीस खाना तो मेरे मैन्यू से ही बाहर हो गया है।’
11 अक्टूबर से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी शुरू हो रही है और पृथ्वी शॉ अब इस टूर्नामेंट में एक्शन में नजर आएंगे।