इस साल 21 में से 13 टी-20 मैच हारने वाली विंडीज टीम को T20 WC का फाइनलिस्ट बता रहे हैं गेल - क्रिकट्रैकर हिंदी

इस साल 21 में से 13 टी-20 मैच हारने वाली विंडीज टीम को T20 WC का फाइनलिस्ट बता रहे हैं गेल

हाल ही में वेस्टइंडीज को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था।

Chris Gayle. (Photo Source: Twitter)
Chris Gayle. (Photo Source: Twitter)

वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल ने आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल मैच को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका मानना है कि 13 नवंबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा सकता है।

बता दें, ऑस्ट्रेलिया टी-20 वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहा है और उन्होंने इस प्रारूप में काफी अच्छा प्रदर्शन भी किया है। वहीं दूसरी ओर वेस्टइंडीज ने अपने कई अनुभवी खिलाड़ियों को इस टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम में शामिल नहीं किया है और उनका पूरा स्क्वॉड काफी नया है। वेस्टइंडीज को सुपर-12 से पहले क्वालीफायर राउंड खेलना होगा।

दैनिक जागरण के हवाले से क्रिस गेल ने कहा कि, ‘मुझे लगता है कि इस टूर्नामेंट का फाइनल मैच वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जा सकता है।’ हाल ही में इन दोनों टीमों ने आपस में दो मुकाबलों की टी-20 सीरीज खेली थी जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 से सीरीज अपने नाम की थी।

वेस्टइंडीज टीम का कप्तान नया है इसलिए उनको थोड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा: क्रिस गेल

क्रिस गेल ने आगे कहा कि, ‘वेस्टइंडीज के लिए काफी मुश्किल होने वाली है क्योंकि उनका कप्तान नया है और टीम में कायरन पोलार्ड भी नहीं है। ना ही आंद्रे रसल है और ना ही ब्रावो हैं।’

पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज ने आगे कहा कि, ‘इसमें कोई शक नहीं है कि जितने खिलाड़ियों को भी वेस्टइंडीज टीम में शामिल किया गया है वो काफी टैलेंटेड है और किसी भी टीम के खिलाफ घातक साबित हो सकते हैं। आपको बस मुकाबले के दिन अच्छी योजना के तहत क्रिकेट खेलना होगा। उम्मीद करता हूं कि टीम इस मुख्य टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करेगी।’

डेरेन सैमी की कप्तानी में वेस्टइंडीज ने 2012 में श्रीलंका और 2016 में इंग्लैंड को मात देकर 2 बार टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की है। अब क्या इस बार निकोलस पूरन की कप्तानी में यह ट्रॉफी जीतती है या नहीं? यह देखना दिलचस्प होगा।

close whatsapp