थाईलैंड ने भारत, श्रीलंका और पाकिस्तान के साथ महिला एशिया कप 2022 के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया
महिला एशिया कप 2022 के दोनों सेमीफाइनल 13 अक्टूबर को सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
अद्यतन - अक्टूबर 11, 2022 1:48 अपराह्न

थाईलैंड ने पहली बार महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम का यूएई के खिलाफ 11 अक्टूबर को जारी महिला एशिया कप 2022 में आखिरी लीग मैच बारिश के कारण रद्द किए जाने के बाद थाईलैंड ने भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
दरअसल, बांग्लादेश – गत चैंपियन और मेजबान – को सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने के लिए दो अंकों की आवश्यकता थी, लेकिन बारिश के कारण उन्हें यूएई के साथ एक अंक साझा करना पड़ा और वे महिला एशिया कप 2022 की अंकतालिका में पांचवें स्थान पर समाप्त हुए, और इसके साथ ही वे टूर्नामेंट से बाहर भी हो गए।
थाईलैंड ने किया महिला एशिया कप 2022 के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई
आपको बता दें, बांग्लादेश ने जारी महिला एशिया कप 2022 के छह ग्रुप मैचों में से केवल दो जीते, जबकि थाईलैंड ने यूएई, मलेशिया और पाकिस्तान को हराकर छह अंक हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बनाकर इतिहास रच दिया है। वहीं भारत (10 अंक), पाकिस्तान (8 अंक) और श्रीलंका (8 अंक) अंकतालिका में क्रमशः पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर है।
After a hard fought battle, India 🇮🇳, Pakistan 🇵🇰, Sri Lanka 🇱🇰 and Thailand 🇹🇭 qualify for the semi-finals of the #WomensAsiaCup2022 🏆!
We have some exciting games lined up ahead! Who are you rooting for? 👇#AsianCricketCouncil #ACC pic.twitter.com/QWUUd4z8l9
— AsianCricketCouncil (@ACCMedia1) October 11, 2022
इस बीच, श्रीलंका और पाकिस्तान 11 अक्टूबर को अंतिम ग्रुप-स्टेज मैच में एक-दूसरे का सामना कर रहे हैं, और दोनों में से एक टीम के पास महिला एशिया कप 2022 की अंक तालिका में शीर्ष पर 10 अंकों के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम के साथ बराबरी करने का मौका है।
जारी महिला एशिया कप 2022 में थाईलैंड की सफलता का श्रेय उनके सलामी बल्लेबाजों नन्नापत कोंचरोएनकाई (105 रन) और नत्थकन चैंथम (116 रन) और कप्तान नारुमोल चाईवाई (108 रन) को जाता है। वहीं बाएं-हाथ की स्पिनर थिपाचा पुथावोंग ने गेंद के साथ थाईलैंड महिला टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया, वह आठ विकेट के साथ इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से एक हैं।
आपको बता दें, महिला एशिया कप के दोनों सेमीफाइनल 13 अक्टूबर को सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 15 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेला जाना है।