मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर जल्द होंगे ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना; पढ़िए पूरी खबर - क्रिकट्रैकर हिंदी

मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर जल्द होंगे ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना; पढ़िए पूरी खबर

आईसीसी ने अंतिम टीम नामित करने के लिए 15 अक्टूबर की समय सीमा तय की है।

Mohammed Shami, Mohammad Siraj, Shardul Thakur (Image Source: Getty Images)
Mohammed Shami, Mohammad Siraj, Shardul Thakur (Image Source: Getty Images)

मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल होने के लिए 13 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होने के लिए तैयार हैं। एनसीए (NCA) के डॉ नितिन पटेल भी इन तीन तेज गेंदबाजों के साथ ऑस्ट्रेलिया की यात्रा करेंगे।

इन तीनो भारतीय तेज गेंदबाजों को 16 अक्टूबर से शुरू हो रहे टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए ऑस्ट्रेलिया बुलाया गया है, और उनमें से एक को चोटिल जसप्रीत बुमराह के रिप्लेसमेंट के रूप में भारत के मुख्य स्क्वॉड में शामिल किया जाएगा, बाकी अन्य दो स्टैंडबाई खिलाड़ी के रूप में टीम के साथ रहेंगे।

मोहम्मद शमी 12 अक्टूबर को अंतिम फिटनेस टेस्ट से गुजरेंगे

दीपक चाहर को आगामी टी-20 वर्ल्ड कप के लिए स्टैंडबाई खिलाड़ी के रूप में चुना गया था, लेकिन पीठ में चोट के कारण वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं जो उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हालिया T20I सीरीज के दौरान लगी थी। अब वह बेंगलुरू में एनसीए में अपना रिहैब पूरा करेंगे, वहीं शार्दुल ठाकुर ऑस्ट्रेलिया के लिए उड़ान भरेंगे।

हालांकि, श्रेयस अय्यर और रवि बिश्नोई, जिन्हें टी-20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड में स्टैंडबाय खिलाड़ी के रूप में चुना गया था, भारत में ही रहेंगे। इस बीच, मोहम्मद शमी भारत के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 स्क्वॉड में जसप्रीत बुमराह की जगह लेने की रेस में सबसे आगे हैं, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज में मोहम्मद सिराज का प्रभावशाली प्रदर्शन उन्हें कड़ी टक्कर दे सकता है। शमी कथित तौर पर 12 अक्टूबर को अंतिम फिटनेस टेस्ट से गुजरेंगे।

आपको बता दें, आईसीसी ने आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए टीमों के लिए अंतिम टीम नामित करने के लिए 15 अक्टूबर की समय सीमा तय की है, जिसका मतलब यह है कि भारतीय टीम प्रबंधन के पास ऑस्ट्रेलिया में गेंदबाजों के पहुंचने के बाद बुमराह के रिप्लेसमेंट की घोषणा करने के लिए केवल एक दिन का समय होगा।

close whatsapp