सौरव गांगुली के ठोकर मारते ही अरुण धूमल की झोली में जा गिरा आईपीएल का अध्यक्ष पद
जय शाह भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव बने रहेंगे।
अद्यतन - Oct 12, 2022 1:28 pm

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल को कथित तौर पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का नया अध्यक्ष घोषित किया जा सकता है। आईपीएल के पूर्व अध्यक्ष बृजेश पटेल के इस साल नवंबर में 70 साल के हो जाने के बाद उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के अगले अध्यक्ष बनने की संभावनाएं थी।
लेकिन अब खबरें आ रही हैं कि राजीव शुक्ला आईपीएल के उपाध्यक्ष बने रहेंगे, जबकि अरुण धूमल को अध्यक्ष का पद दिया जाएगा। क्रिकबज के अनुसार,अरुण धूमल को हिमाचल क्रिकेट संघ द्वारा आगामी बीसीसीआई एजीएम बैठक में अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए नामित किया गया है, जबकि अन्य उल्लेखनीय नामों में बीसीसीआई के पूर्व कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी शामिल है।
आशीष शेलार को बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष का पद सौंपा जा सकता है
इस बीच, आईपीएल के अध्यक्ष पद के लिए धूमल के नामांकन के बाद बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष का पदभार आशीष शेलार को सौंपा जा सकता है। केरल के जयेश जॉर्ज अब बीसीसीआई का हिस्सा नहीं हैं, और असम क्रिकेट एसोसिएशन के देवजीत सैकिया नए संयुक्त सचिव के रूप में नया पदभार संभालेंगे। वहीं दूसरी ओर, रोजर बिन्नी को बीसीसीआई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया जाना लगभग तय है, जबकि जय शाह भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव बने रहेंगे।
पीटीआई के अनुसार, सौरव गांगुली अध्यक्ष पद पर बने रहने चाहते थे, लेकिन कमिटी इसके खिलाफ थी। गांगुली को आईपीएल के अध्यक्ष पद का ऑफर दिया गया था लेकिन पूर्व भारतीय कप्तान ने इस ऑफर को ठुकरा दिया, क्योंकि वह बीसीसीआई का नेतृत्व करने के बाद बोर्ड की कमिटी का पदभार नहीं संभालना चाहते थे।
आपको बता दें, बीसीसीआई के अध्यक्ष, सचिव, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए नामांकन 11 से 12 अक्टूबर तक भरे जा सकते हैं, जबकि वे 14 अक्टूबर के भीतर चुनाव से हट सकते हैं। बीसीसीआई की अगली एजीएम बैठक कथित तौर पर 18 अक्टूबर को है।
यहां देखिए बीसीसीआई में आने वाले नए अपेक्षित कैंडिडेट की सूची –
अध्यक्ष– रोजर बिन्नी
सचिव- जय शाह
उपाध्यक्ष- राजीव शुक्ला
कोषाध्यक्ष- आशीष शेलारी
संयुक्त सचिव- देवजीत सैकिया
आईपीएल अध्यक्ष– अरुण धूमल