टी-20 वर्ल्ड कप में हमें निश्चित रूप से बुमराह की कमी खलेगी- रोहित शर्मा - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप में हमें निश्चित रूप से बुमराह की कमी खलेगी- रोहित शर्मा

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में टीम इंडिया अपना पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ 23 अक्टूबर को मेलबर्न में खेलेगी।

Rohit Sharma and jasprit Bumrah. (Photo Source: Twitter)
Rohit Sharma and jasprit Bumrah. (Photo Source: Twitter)

कल यानी 16 अक्टूबर से ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की शुरुआत होने वाली है। तमाम टीमें इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में अपना बेहतरीन प्रदर्शन करने को देखेंगी और खिताब अपने नाम करना चाहेगी। भारतीय टीम भी इस टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह से तैयार है। हालांकि भारतीय टीम और क्रिकेट फैंस के लिए बुरी खबर ये है कि, जसप्रीत बुमराह पीठ में लगी चोट की वजह से इस टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे।

बता दें, BCCI ने चोटिल जसप्रीत बुमराह के विकल्प की घोषणा कर दी है। मोहम्मद शमी को उनकी जगह 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। भले ही शमी के आने से भारतीय टीम की गेंदबाजी में काफी मजबूती देखने को मिलेगी, लेकिन उनको बुमराह की कमी जरूर खलेगी। बुमराह के टीम में ना होने को लेकर कप्तान रोहित शर्मा ने बड़ा बयान दिया है।

निश्चित रूप से हमें जसप्रीत बुमराह की कमी खलेगी: रोहित शर्मा

ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले राउंड के शुरू होने से पहले सभी 16 टीमों के कप्तान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने बुमराह की चोट को लेकर अपना पक्ष सबके सामने रखा।

रोहित शर्मा ने कहा कि, ‘बुमराह एक क्वालिटी गेंदबाज है। वो कई सालों से काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन जैसे मैंने पहले कहा था खिलाड़ियों को चोट लगती रहती हैं, वो हमारे हाथ में नहीं होता। हमने कई विशेषज्ञों से उनकी चोट के बारे में बात की, लेकिन प्रतिक्रिया अच्छी नहीं मिली।

हां यह वर्ल्ड कप बहुत जरूरी है, लेकिन उनका करियर हम सबके लिए ज्यादा जरूरी है। वो अभी 27 या 28 साल के हैं और अभी भी उन्हें भविष्य में काफी क्रिकेट खेलना है। ऐसे में हम जोखिम नहीं ले सकते हैं, और यही बात विशेषज्ञों ने भी हमसे कही है। वो भविष्य में भारत के लिए कई मुकाबले खेलेंगे और कई में टीम को जीत भी दिलाएंगे। लेकिन हां टीम को बुमराह की कमी जरूर खलेगी।’

बता दें, रवींद्र जडेजा पहले ही चोटिल होने की वजह से इस मुख्य टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। तमाम लोग यही दुआ कर रहे थे कि जसप्रीत बुमराह टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले पूरी तरह से ठीक हो जाए लेकिन ऐसा नहीं हो सका। भारतीय टीम इस मुख्य टूर्नामेंट का अपना पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ 23 अक्टूबर को मेलबर्न में खेलेगी।

close whatsapp