टी-20 वर्ल्ड कप 2022: शादाब खान ने बड़े मजेदार अंदाज में किया शाहीन अफरीदी का वापसी पर स्वागत - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप 2022: शादाब खान ने बड़े मजेदार अंदाज में किया शाहीन अफरीदी का वापसी पर स्वागत

शाहीन अफरीदी ने अफगानिस्तान के खिलाफ वार्म-अप मैच में अच्छा प्रदर्शन कर अपनी फिटनेस साबित की।

Shaheen Afridi and Shadab Khan (Image Source: Twitter)
Shaheen Afridi and Shadab Khan (Image Source: Twitter)

पाकिस्तान के ऑलराउंडर शादाब खान ने सोशल मीडिया पर एक मजेदार पोस्ट के साथ स्टार तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी का मैदान में स्वागत किया। शादाब ने लंबे समय बाद मैदान में वापसी पर अफरीदी को बधाई देते हुए तेज गेंदबाज की टांग खींची।

दरअसल, बारिश ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच 19 अक्टूबर को खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के वार्म-अप मैच को बाधित कर दिया, लेकिन शाहीन अफरीदी की सफलतापूर्वक वापसी पाकिस्तान के लिए बड़ी सकारात्मकता थी। अफरीदी ने लगभग तीन महीने बाद अपनी वापसी पर शानदार गेंदबाजी की और टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले अपनी फिटनेस साबित की, जहां पाकिस्तान क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत भारत के खिलाफ 23 अक्टूबर को मेलबोर्न में करेगी।

शादाब खान और शाहीन अफरीदी के बीच सोशल मीडिया पर ब्रोमांस देखते ही बन रहा है

आपको बता दें, शाहीन अफरीदी ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपने चार ओवरों में केवल 29 रन गंवाकर दो विकेट लिए और पाकिस्तान को विरोधी टीम को 20 ओवरों में 154 रनों पर रोकने में मदद की। हालांकि, पाकिस्तान टीम 19 रनों के लिए केवल आठ गेंदे खेल पाई, और बारिश के कारण इस मैच को रद्द करना पड़ा।

इस बीच, शादाब खान ने ट्विटर पर मजेदार पोस्ट के साथ शाहीन अफरीदी का पाकिस्तान टीम में स्वागत किया। जिसके बाद फैंस को ट्विटर पर पाकिस्तान के दोनों स्टार खिलाड़ियों के बीच ब्रोमांस देखने को मिला, जो निश्चित ही फैंस के चेहरे पर मुस्कान ले आएगा।

दरअसल, पाकिस्तान के उप-कप्तान ने शाहीन की एक तस्वीर ट्विटर पर साझा की और बाएं-हाथ के तेज गेंदबाज को चिढ़ाते हुए उन्हें भी उसी दिलचस्पी से देखने के लिए कहा, जिस तरह वह गेंद को देख रहे हैं। शादाब ने ट्विटर पर लिखा: “कभी मुझे भी ऐसे देखो जेसे बॉल को देख रहे हो। शाहीन अफरीदी, आपका फिर से पाकिस्तान टीम में स्वागत है”।

जिसके बाद अफरीदी ने शादाब के साथ ट्विटर पर एक तस्वीर साझा की और लिखा: “कुछ कह रहे हैं आप शैडी?”

जिस पर शादाब ने शाहीन को जवाब देते हुए कहा, “एक ही दिल है कितनी बार जीतोगे।”

close whatsapp