अल्जारी जोसेफ के मुरीद हुए जेसन होल्डर और कह दी बड़ी बात
वेस्टइंडीज का जारी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में सफर समाप्त हो चूका है।
अद्यतन - अक्टूबर 21, 2022 4:02 अपराह्न

वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान और अनुभवी ऑलराउंडर जेसन होल्डर ने प्रतिभाशाली तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ की जमकर तारीफ की और कहा कि उनके पास अपने सपने पूरा करने की ताकत और कौशल दोनों है। होल्डर ने अल्जारी जोसेफ की एक गेंदबाज के रूप में हालिया प्रगति के लिए सराहना की और उन्हें वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के गेंदबाजी आक्रमण का नेतृत्व करने और टीम को सही रास्ते पर ले जाने की सलाह दी।
आपको बता दें, वेस्टइंडीज का जारी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में सफर समाप्त हो चूका है, वे सुपर-12 के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए। लेकिन जोसेफ ने ग्रुप स्टेज में अच्छा प्रदर्शन किया, उन्होंने तीन मैचों में छह विकेट लिए, वहीं दूसरी ओर वेस्टइंडीज अपने तीन ग्रुप मैचों में केवल एक मैच जीत पाई।
अल्जारी जोसेफ अब एक ऑल-फॉर्मेट गेंदबाज के रूप में परिपक्व हो गया है: जेसन होल्डर
जेसन होल्डर ने ईएसपीएनक्रिकइंफो के हवाले से कहा: “अल्जारी जोसेफ को अपने विकास और अपनी प्रगति पर गर्व होना चाहिए। मैं उन्हें हमारी टीम में एक लीडर के रूप में देखता हूं। वह काफी कम उम्र से ही वेस्टइंडीज के गेंदबाजी अटैक का नेतृत्व कर रहे हैं, और एक लीडर के रूप में बेहद शानदार गुण दिखा रहे हैं।
मुझे उनका प्रदर्शन आश्चर्यचकित नहीं करता है। अल्जारी का अनुशासन, उद्देश्य के प्रति समर्पण और खेल को लेकर उनका रवैया एक युवा खिलाड़ी के रूप में वास्तव में बहुत आकर्षक है। उनके लिए मेरे साफ और सरल शब्द हैं: ‘बस हमारे गेंदबाजी अटैक का नेतृत्व करें, और हमें सही रास्ते पर ले चले।’
मैं उन्हें एक प्रभावशाली खिलाड़ी के रूप में देखता हूं। अल्जारी के पास गति और कौशल दोनों है और जब उसके हाथ में गेंद होती है, तो मैं उनसे बड़ी चीजों की उम्मीद करता हूं। वह अब एक ऑल-फॉर्मेट गेंदबाज के रूप में परिपक्व हो गया है, जो इस समय हमारे एकमात्र ऑल-फॉर्मेट गेंदबाज है। मुझे उनकी प्रगति को देखकर बहुत अच्छा लगता है, और मुझे उम्मीद है कि वह अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं।”