टी-20 वर्ल्ड कप 2022: कार्तिक या पंत, भारत किसके साथ आगे बढ़ना चाहेगा? सुनील गावस्कर ने दिया दिलचस्प सुझाव
सुनील गावस्कर पाकिस्तान के खिलाफ भारत के टीम संयोजन को देखने के लिए उत्साहित है।
अद्यतन - Oct 21, 2022 6:00 pm

भारत के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर टीम इंडिया के प्रबंधन के लिए एक समाधान लेकर आए हैं कि ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत दोनों को प्लेइंग इलेवन में एक-साथ कैसे समायोजित किया जाए। दरअसल, रवींद्र जडेजा की अनुपस्थिति के कारण भारत के पास शीर्ष पांच में बाएं-हाथ का एक भी बल्लेबाज नहीं है, और गावस्कर ने इस समस्या का समाधान सुझाया है।
पूर्व भारतीय कप्तान का मानना है कि जारी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक दोनों को एक ही प्लेइंग इलेवन में रखा जा सकता है यदि स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को पांचवें गेंदबाजी विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। आपको बता दें, भारतीय क्रिकेट टीम जारी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ रविवार, 23 अक्टूबर को मेलबोर्न के मेलबोर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में करेगी।
ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक दोनों को एक ही प्लेइंग इलेवन में रखा जा सकता है: सुनील गावस्कर
सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स के शो ‘क्रिकेट लाइव’ पर कहा: “बात बस इतनी सी है कि अगर भारत छह गेंदबाजों के साथ टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में खेलने का फैसला करता है, जिसमें हार्दिक पांड्या छठे गेंदबाज हैं, तो शायद ही पंत को जगह न मिल पाए। लेकिन अगर वे पांचवें गेंदबाज के रूप में हार्दिक पांड्या के साथ जाने का फैसला करते हैं, तो ऋषभ पंत को छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने का मौका मिल सकता है।
अगर ऐसा होता है तो दिनेश कार्तिक शायद सातवें नंबर पर आ सकते हैं, और फिर उसके बाद चार गेंदबाज हैं। इस तरह पंत और कार्तिक दोनों एक-साथ खेल सकते हैं।तो, ऐसा हो सकता है, अब हमें बस इंतजार करना होगा और देखना होगा कि वे किस संयोजन के साथ खेलने वाले हैं।
भारतीय टीम मध्यक्रम में एक बाएं-हाथ के बल्लेबाज को जरूर रखना चाहेगी, लेकिन शीर्ष चार को देखकर, जो इतने अच्छे फॉर्म में हैं, आप खुद से यह पूछने के लिए मजबूर हो जाते हैं कि ‘ऋषभ पंत कितने ओवर खेलने वाले हैं? क्या उसे तीन या चार ओवर मिलेंगे? और फिर तीन या चार ओवरों के लिए कार्तिक और पंत में से कौन ज्यादा बेहतर विकल्प हैं?’ इसलिए, ये सभी स्थितियां हैं, जिन पर टीम गौर करेगी और फिर निर्णय लेगी।”