मोहम्मद शमी का सामना करने से घबराए हिट मैन रोहित, कहा ‘ये तो डेंजर बॉलर है भाई’
मोहम्मद शमी को टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में चोटिल जसप्रीत बुमराह की जगह पर मुख्य टीम में शामिल किया गया है।
अद्यतन - Oct 22, 2022 4:05 pm

कप्तान रोहित शर्मा के नेतृत्व में टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में 23 अक्टूबर रविवार को अपना अभियान शुरू करने के लिए एकदम तैयार है। रोहित एंड कंपनी का सामना पहले मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में होगा। इस मुकाबले से पहले दोनों ही टीमें अपनी-अपनी तैयारियों में लगी हुई हैं।
लेकिन इसी बीच आईसीसी ने पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले इस महत्वपूर्ण मैच से पहले एक 3 मिनट का वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक अभ्यास करते हुए नजर आ रहे हैं। इसी दौरान जब हिटमैन रोहित शर्मा मोहम्मद शमी का सामना करते हैं तो उन्होंने उन्हें एक ऐसी बात कह डाली जिसपर आप शायद विश्वास ना कर पाए।
रोहित ने शमी को बताया घातक गेंदबाज:
इस वीडियो में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने शमी को एक घातक गेंदबाज करार दिया है। बता दें कि आईसीसी द्वारा शेयर की गई इस वीडियो में रोहित शर्मा द्वारा शमी को यह कहते हुए सुना जा सकता है ‘अरे ये तो बड़ा डेंजर बॉलर है भाई’
देखें वीडियो:
Rohit Sharma mic'd up 🎙️
All ears on the captain during India's practice session ahead of their first #T20WorldCup match.
— ICC (@ICC) October 22, 2022
बता दें कि क्रिकेट में पिछले कुछ समय से मोहम्मद शमी ने अपनी तेज गेंदबाजी का लोहा मनवाया है। पहले उन्होंने आईपीएल 2022 में गुजरात टाइटंस को पहले ही सीजन में खिताब दर्ज करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वहीं ऑस्ट्रेलिया में जारी T20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के पहले प्रैक्टिस मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराने में शमी ने अहम भूमिका निभाई थी।
उस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के सामने 187 रनों का लक्ष्य रखा। लेकिन जब ऑस्ट्रेलिया लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो आखिरी ओवर से पहले लग रहा था कि वह इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लेगी। ऑस्ट्रेलिया को आखिरी ओवर में जीत के लिए 11 रनों की आवश्यकता थी।
लेकिन वहीं पूरे मैच में एक भी ओवर ना फेंकने वाले मोहम्मद शमी को कप्तान रोहित शर्मा ने गेंद थमाई और वह रोहित के फैसले पर खरे उतरे। उन्होंने आखिरी ओवर में ऑस्ट्रेलिया के 3 विकेट लेने के साथ 1 रन आउट भी किया और टीम इंडिया को यह मैच 6 रनों से आसानी से जितवा दिया। शमी के ये ओवर डालने से पहले यह लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया इस मैच को आसानी से जीत जाएगी, लेकिन मोहम्मद शमी ने एकदम से पासा पलट दिया।
बता दें कि T20 वर्ल्ड कप 2022 में मोहम्मद शमी को चोटिल तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के रिप्लेसमेंट के रूप में 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। और वह कल 23 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण का नेतृत्व करते हुए नजर आएंगे।