ग्लेन फिलिप्स ने बताया, कैसे उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ मुश्किल परिस्थिति में जड़ा शतक
श्रीलंका के खिलाफ ग्लेन फिलिप्स ने टी-20 विश्व कप 2022 का दूसरा शतक लगाया था।
अद्यतन - अक्टूबर 30, 2022 6:57 अपराह्न

न्यूजीलैंड ने ऑस्ट्रेलिया में जारी टी-20 विश्व कप 2022 में 29 अक्टूबर को खेले गए मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ 65 रनों से जीत दर्ज की। कीवी टीम इसी के साथ 3 मैचों में 5 अंकों के साथ ग्रुप 1 की पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गई। न्यूजीलैंड को यह मैच जिताने में मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उन्होंने 64 गेंदों में 10 चौके और 4 छक्कों की मदद से 104 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली।
ग्लेन फिलिप्स की इस पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए और फिलिप्स ने ये पारी ऐसे समय पर खेली थी जब न्यूजीलैंड को इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। बता दें कि पावर प्ले में ही न्यूजीलैंड ने 3 विकेट खो दिए थे और इसके बाद ग्लेन फिलिप्स ने डेरिल मिचेल के साथ मिलकर, चौथे विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी कर न्यूजीलैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
फिलिप्स पिच पर अंत तक डटे रहे और 20वें ओवर की चौथी गेंद पर 104 रन बनाकर कैच आउट हो गए। ग्लेन की इस पारी के बाद न्यूजीलैंड ने 168 रनों के लक्ष्य का बचाव करते हुए, शानदार गेंदबाजी की और ट्रेंट बोल्ट ने गेंदबाजी का नेतृत्व करते हुए सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। इसके अलावा मिचेल सैंटनर और ईश सोढ़ी को दो-दो विकेट मिले। जबकि लॉकी फर्ग्यूसन और टिम साउदी ने एक-एक विकेट लिया।
हमें खेल में आक्रामक होने की जरूरत- ग्लेन फिलिप्स
गेंदबाजी और बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन करने के कारण न्यूजीलैंड यह मैच 65 रन से जीतने में कामयाब रही और मैच खत्म होने के बाद जब पोस्ट मैच कॉन्फ्रेंस में ग्लेन फिलिप्स से उनकी मानसिकता को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने बड़ा ही शानदार जवाब दिया है।
बता दें कि जब ग्लेन फिलिप्स बल्लेबाजी करने आए तब न्यूजीलैंड के 15 रन पर 3 विकेट गिर गए थे। इस बीच जब क्रिकट्रैकर के रिपोर्टर ने उनसे पूछा कि, आपकी उस समय मानसिकता क्या थी उन्होंने बताया ‘जब मैं बल्लेबाजी करने आया तो 3 विकेट गिर चुके थे, केन आउट हुए तो हम जानते थे कि हमें आक्रामक होना होगा क्योंकि हमने पावर प्ले में 3 विकेट गंवा दिए थे और इसके बाद विकेट पर खेलते हुए हमारी मानसिकता बदल गई।’
इसके बाद उन्होंने बताया कि मैं और डेरिल इस चुनौती से पीछे नहीं हटने वाले थे। डेरिल और मैं समझते थे कि हमनेऐसे हालात खुद बनाए हैं। हमने पिच पर जितना हो सके, बात करने की कोशिश की थी और योजना बनाई थी कि 13-14 ओवर तक आउट नहीं होना है।