एडिलेड ओवल पहुंचते ही भावुक हुए रवि शास्त्री; ट्विटर पर बयां की भावनाएं
रवि शास्त्री ऑस्ट्रेलिया में जारी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में आईसीसी की एलीट कमेंट्री पैनल का हिस्सा हैं।
अद्यतन - Nov 2, 2022 6:00 pm

भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री इस समय ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के दौरान अपने समय का आनंद ले रहे हैं। आपको बता दें, शास्त्री ने पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप के समापन के बाद टीम इंडिया के मुख्य कोच के पद से इस्तीफा दे दिया था।
वह इस समय ऑस्ट्रेलिया में जारी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में आईसीसी की एलीट कमेंट्री पैनल का हिस्सा हैं, जहां भारत ने उनके मार्गदर्शन में दो टेस्ट सीरीज (2018-19 और 2020-21) जीती थी। दरअसल, रवि शास्त्री 2 नवंबर को जिम्बाब्वे और नीदरलैंड के बीच खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के सुपर 12 मैच और साथ ही भारत बनाम बांग्लादेश सुपर 12 मैच के लिए कमेंट्री करने एडिलेड ओवल पहुंचे, और वहां पहुंचते ही वह भावुक हो उठे और एडिलेड की अपनी पुरानी यादों को ताजा किया।
एडिलेड ओवल पहुंचते ही भावुक हुए रवि शास्त्री
एडिलेड ओवल के मैदान पर वापस आने के बाद शास्त्री को उन दिनों की याद आ गई, जब भारतीय क्रिकेट टीम ने उनके मार्गदर्शन में इसी स्थान पर 2020-21 दौरे के दौरान 36 रन पर ऑल आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीती थी, और इससे पहले साल 2018-2019 में भी टेस्ट सीरीज जीती थी।
इस बीच, एडिलेड ओवल में भारत की एक और महत्वपूर्ण भिड़ंत से पहले रवि शास्त्री ने ट्विटर का सहारा लिया और इस मैदान से अपनी कुछ तस्वीरें साझा करते हुए अच्छे और बुरे समय को याद किया। पूर्व भारतीय कप्तान ने कैप्शन में लिखा: “यह वह मैदान जहां ऑस्ट्रेलिया में भारत की आतिशबाजी शुरू हुई। पहले 2019 में और फिर 36 ऑल आउट के बाद। @TheAdelaideOval #ZIMvNED #INDvBAN @cricketworldcup @ICC,”
The ground where all the fireworks started in Australia. First in 2019 and then off course after the spectacular 36 all out @TheAdelaideOval #ZIMvNED #INDvBAN @cricketworldcup @ICC pic.twitter.com/36pAkJoG2B
— Ravi Shastri (@RaviShastriOfc) November 2, 2022
आपको बता दें, ऑस्ट्रेलिया के 2018-19 दौरे के दौरान, भारत ने एडिलेड और मेलबर्न में दो मैच जीतकर चार मैचों की टेस्ट सीरीज 2-1 से जीती थी। और फिर दो साल बाद, भारत एडिलेड में पिंक-बॉल टेस्ट हार गया था, जिसके बाद उन्होंने मेलबर्न और ब्रिस्बेन में जीत दर्ज कर 2-1 से टेस्ट सीरीज जीती थी। इन दोनों दौरों के दौरान एक-एक मैच ड्रॉ हुआ था। शास्त्री के मार्गदर्शन में टीम इंडिया पिछले साल आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी पहुंची थी।