अर्शदीप सिंह ने उमरान मलिक को लेकर दिया बड़ा बयान कहा- उनके साथ गेंदबाजी करने से….
अर्शदीप ने उमरान मलिक के साथ गेंदबाजी साझेदारी को लेकर बड़ा बयान दिया है।
अद्यतन - नवम्बर 29, 2022 6:31 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम में उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर नेशनल टीम में जगह बनाई थी। दूसरी तरफ टीम में डेब्यू करने के बाद से दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार होता जा रहा है।
अर्शदीप और उमरान दोनों ही न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया के साथ मौजूद हैं और कीवियों के खिलाफ तीसरे वनडे मैच से पहले अर्शदीप सिंह ने उमरान मलिक को लेकर बड़ा बयान दिया है।
गौरतलब है कि उमरान मलिक ने भारत के लिए इस साल जून में हुई आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी-20 सीरीज में डेब्यू किया था तो वहीं अर्शदीप हाल में ही खत्म हुए टी-20 विश्व कप 2022 में टीम इंडिया की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे।
उमरान को लेकर अर्शदीप सिंह ने कही ये बड़ी बात
बता दें कि इस समय टीम इंडिया शिखर धवन के नेतृत्व में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है। इस सीरीज का पहला मुकाबला टीम इंडिया ने गंवा दिया था तो दूसरा मैच बारिश की वजह से धुल गया। तो अब तीसरा मुकाबला दोनों टीमों के बीच 30 नवंबर, बुधवार को क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा और इस मुकाबले से पहले अर्शदीप ने बड़ा बयान दिया है।
अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, उमरान मलिक के साथ माहौल काफी अच्छा रहता है। उसको हंसी-मजाक काफी पसंद है और जहां तक बॉलिंग की बात है तो मुझे फायदा मिल जाता है, क्योंकि 155 से सीधा 135 KMPH की गति की गेंद जब बल्लेबाज खेलने आता है तो बल्लेबाज पेस से धोखा हो जाता है।
इसके अलावा अर्शदीप ने कहा कि हम मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह खूब लुत्फ उठाते हैं। हम इस साझेदारी को मैदान के बाहर भी जारी रखने की कोशिश करेंगे। बता दें कि जहां एक तरफ उमरान मलिक तेज गति पर भरोसा करते है तो अर्शदीप स्लो गेंद और याॅर्कर पर भी भरोसा करने के अलावा एक अच्छी लाइन और लेंथ बनाए रखते हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया:
शिखर धवन (कप्तान), ऋषभ पंत (उप-कप्तान, विकेटकीपर), शुभमन गिल, दीपक हुडा, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, शहबाज अहमद, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, दीपक चाहर, कुलदीप सेन और उमरान मलिक।