टी-20 वर्ल्ड कप 2022: ICC ने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए इन खिलाड़ियों को किया शॉर्टलिस्ट
पाकिस्तान की ओर से ऑलराउंडर शादाब खान और तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी इस अवार्ड के लिए नामांकित किए गए हैं।
अद्यतन - नवम्बर 11, 2022 3:46 अपराह्न

ICC ने ऑस्ट्रेलिया में चल रहे ICC पुरुष टी-20 विश्व कप 2022 के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए 9 खिलाड़ियों की लिस्ट को जारी किया है। बता दें, मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में 13 नवंबर को इस मुख्य टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच में खेला जाएगा और इन दोनों टीमों को मिलाकर 5 खिलाड़ियों को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवार्ड के लिए नामांकित किया गया है।
तमाम प्रशंसक प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवार्ड के लिए वोट कर सकते हैं। इसमें भारत के सूर्यकुमार यादव और टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज विराट कोहली दोनों शामिल है। बता दें, विराट कोहली ने छह पारियों में चार अर्धशतक जड़े और वह एकमात्र खिलाड़ी हैं जिन्होंने 2 बार इस अवार्ड को अपने नाम किया है।
पाकिस्तान की ओर से ऑलराउंडर शादाब खान और तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी इस अवार्ड के लिए नामांकित किए गए हैं। शादाब खान ने इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान की ओर से लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। चाहे गेंदबाजी हो या बल्लेबाजी उन्होंने अपना काम बखूबी से निभाया है। शाहीन की शुरुआत इस टूर्नामेंट में अच्छी नहीं हुई थी लेकिन उन्होंने अंतिम मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया और अभी तक कुल 10 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।
इंग्लैंड की ओर से तीन खिलाड़ियों का नाम हुआ शॉर्टलिस्ट
इस शानदार अवार्ड के लिए इंग्लैंड की ओर से 3 खिलाड़ियों का नाम शॉर्टलिस्ट किया गया है। यह 3 नाम है जोस बटलर, एलेक्स हेल्स और सैम करन। जोस बटलर और एलेक्स हेल्स ने भारत की ओर से धुआंधार पारी खेलते हुए अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया। इन दोनों ही बल्लेबाजों ने इस टूर्नामेंट में कमाल का प्रदर्शन किया है। वहीं सैम करन ने गेंदबाज़ी में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने अपनी टीम की ओर से 5 मुकाबलों में 10 विकेट झटके हैं।
भले ही जिंबाब्वे सेमीफाइनल में अपनी जगह ना बना पाई हो लेकिन ऑलराउंडर सिकंदर रजा ने अपनी टीम की ओर से शानदार प्रदर्शन किया और उन्हें भी इस अवार्ड के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। सिकंदर रजा ने इस टूर्नामेंट में 219 रन बनाए और 10 विकेट अपने नाम किए।
श्रीलंका की ओर से वानिंदु हसरंगा को भी इस 9 सदस्यीय लिस्ट में शामिल किया गया है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में कुल 15 विकेट झटके हैं। हसरंगा अभी तक इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।