फाइनल में इंग्लैंड के जीतने के बाद ICC ने टीम ऑफ द टूर्नामेंट की घोषणा की - क्रिकट्रैकर हिंदी

फाइनल में इंग्लैंड के जीतने के बाद ICC ने टीम ऑफ द टूर्नामेंट की घोषणा की

13 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेले गए ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 5 विकेट से मात देकर इतिहास रच दिया।

icc men T-20 world cup (pic source-twitter)
icc men T-20 world cup (pic source-twitter)

13 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेले गए ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 5 विकेट से मात देकर इतिहास रच दिया और यह ट्रॉफी दूसरी बार अपने नाम की। बता दें, इससे पहले इंग्लैंड ने टी-20 वर्ल्ड कप 2010 में यह ट्रॉफी अपने नाम की थी।

इंग्लैंड की ओर से बेन स्टोक्स ने शानदार नाबाद अर्धशतकीय पारी खेल अपनी टीम को जीत दिलाई। इस फाइनल के बाद ICC ने टूर्नामेंट की आधिकारिक टीम जारी की।

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की ICC टीम:

एलेक्स हेल्स (इंग्लैंड)

इंग्लैंड टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स में इस पूरे टूर्नामेंट में कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी टीम की ओर से कई मैच जिताऊ पारी खेली। एलेक्स हेल्स ने कप्तान जोस बटलर का ओपनिंग में बखूबी साथ निभाया और अपनी टीम को शानदार जीत दर्ज करवाई।

जोस बटलर (इंग्लैंड)

भले ही जोस बटलर की शुरुआत इस टूर्नामेंट की इतनी अच्छी ना रही हो लेकिन उन्होंने अंतिम मुकाबलों में जबरदस्त वापसी की और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इंग्लिश कप्तान ने इस टूर्नामेंट में 6 पारियों में 45 के औसत से 225 रन बनाए।

विराट कोहली (भारत)

भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने पूरे टूर्नामेंट में कमाल का प्रदर्शन किया। पाकिस्तान के खिलाफ 82 रन की नाबाद पारी ने तमाम लोगों का दिल जीत लिया। कोहली ने इस टूर्नामेंट के 6 पारियों में 98.67 के औसत से 296 रन बनाए।

सूर्यकुमार यादव (भारत)

विराट कोहली के साथ-साथ सूर्यकुमार यादव का भी प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में काफी सराहनीय रहा। यादव ने भारत की ओर से कई मुकाबलों में शानदार पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाई। हालांकि सेमीफाइनल में वो बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे जिसकी वजह से टीम सेमीफाइनल में जीत दर्ज नहीं कर पाई। भारतीय बल्लेबाज ने इस टूर्नामेंट में 189.68 के स्ट्राइक रेट से 239 रन बनाए।

ग्लेन फिलिप्स (न्यूजीलैंड)

ग्लेन फिलिप्स ने श्रीलंका के खिलाफ शानदार शतक जड़ तमाम प्रशंसकों का दिल जीत लिया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका कैच काफी लंबे समय तक याद किया जाएगा।

सिकंदर रजा (जिंबाब्वे)

भले ही जिंबाब्वे टीम का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में इतना अच्छा ना रहा हो लेकिन सिकंदर रजा के ऑलराउंड प्रदर्शन ने सभी का मन मोह लिया। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई। रजा ने इस टूर्नामेंट में 219 रन बनाए और 10 विकेट अपने नाम किए।

शादाब खान (पाकिस्तान)

पाकिस्तान टीम की ओर से अगर किसी खिलाड़ी का प्रदर्शन सभी को अच्छा लगा तो वो थे शादाब खान। शादाब ने कई मुकाबलों में यादगार पारियां खेल पाकिस्तान को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

सैम करन (इंग्लैंड)

फाइनल मुकाबले के प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे सैम करन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड को कई मुकाबलों में जीत दर्ज करवाई। इस शानदार तेज गेंदबाज ने पूरे टूर्नामेंट में 13 विकेट झटके।

एनरिच नॉर्ट्जे (दक्षिण अफ्रीका)

दक्षिण अफ्रीका की ओर से एनरिच नॉर्ट्जे ने इस टूर्नामेंट में कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने 5 मुकाबलों में 8.55 के औसत से 11 विकेट झटके।

मार्क वुड (इंग्लैंड)

नॉकआउट मुकाबले से पहले मार्क वुड चोटिल हो गए थे और इसी वजह से वह सेमीफाइनल और फाइनल मैच में नहीं खेल पाए। हालांकि सुपर 12 में उन्होंने टीम की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 मुकाबलों में 12 के औसत से 9 विकेट झटके।

शाहीन शाह अफरीदी (पाकिस्तान)

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी की गेंदबाजी के तमाम लोग कायल हैं। उनकी शुरुआत इस टूर्नामेंट की भले ही इतनी अच्छी ना रही हो लेकिन आखिर के मुकाबलों में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 विकेट झटके। उनके बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान ने फाइनल में अपनी जगह बनाई।

12वां खिलाड़ी: हार्दिक पांड्या (भारत)

भारतीय टीम के धाकड़ ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी खेल अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था। हालांकि टीम के गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रहे और इसी वजह से भारत फाइनल में नहीं पहुंच पाई। भारत की ओर से इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज विराट कोहली हैं, दूसरे नंबर पर सूर्यकुमार यादव और तीसरे नंबर पर हार्दिक पांड्या। पांड्या ने 8 विकेट भी इस टूर्नामेंट में अपने नाम किए।

close whatsapp