IPL 2023: ऑक्शन से पहले ही शार्दुल ठाकुर को मिली अपनी नई टीम
ट्रेड विंडो के तहत अभी तक काफी खिलाड़ी खरीद चुकी है केकेआर।
अद्यतन - नवम्बर 15, 2022 4:24 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर आईपीएल 2023 में एक बार फिर नई टीम से खेलते हुए नजर आएंगे। बता दें कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि शार्दुल ठाकुर को 14 नंवबर को ट्रेड विंडो के तहत केकेआर ने दिल्ली कैपिटल्स से खरीद लिया है।
ईएसपीएन क्रिकइंफो की एक खबर के मुताबिक शार्दुल ठाकुर को खरीदने में उनकी पुरानी फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स, मौजूदा आईपीएल चैंपियन गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स ने भी दिलचस्पी दिखाई थी लेकिन दिल्ली कैपिटल्स इस पर सहमत नहीं हुई और अंत में ठाकुर को केकेआर ने ट्रेड कर लिया।
शार्दुल ठाकुर को मिली अपनी छठी आईपीएल टीम
मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले शार्दुल ठाकुर को अब अपनी छठी आईपीएल टीम मिल गई है। बता दें कि इससे पहले वह मुंबई इंडियंस, किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स), राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, चार बार की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से खेल चुके हैं। और अब वह आईपीएल 2023 में केकेआर की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे।
गौरतलब है कि IPL 2022 के शुरु होने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने शार्दुल ठाकुर को रिलीज कर दिया था। इसके बाद मेगा ऑक्शन 2022 में दिल्ली कैपिटल्स ने शार्दुल ठाकुर को 10.75 करोड़ की भारी-भरकम रकम देकर अपनी टीम में शामिल किया था।
बता दें कि आईपीएल 2022 में शार्दुल ठाकुर ने दिल्ली के लिए 14 मैचों में 9.79 की इकोनाॅमी से 15 विकेट झटके थे। इसके अलावा 138 के स्ट्राइक रेट से 120 रन भी बनाए थे। गौरतलब है कि शार्दुल ठाकुर को टीम इंडिया की आगामी न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। और इस सीरीज में वह शानदार प्रदर्शन कर, अगले साल होने वाले विश्व कप के लिए चयनकर्ताओं की नजरों में आना चाहेंगे।
साथ ही आपको बता दें कि इससे पहले केकेआर ने ट्रेड विंडो का इस्तेमाल करते हुए 2 और खिलाड़ियों को अपनी टीम में जोड़ा था। इन दो खिलाड़ियों में न्यूजीलैंड के गेंदबाज लाॅकी फर्ग्यूसन और अफगानिस्तान के ओपनर बल्लेबाज रहमनुल्लाह गुरबाज शामिल थे।