रोहित शर्मा को मिला सलमान बट का समर्थन, हार्दिक पांड्या की कप्तानी को लेकर भी दिया बड़ा बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

रोहित शर्मा को मिला सलमान बट का समर्थन, हार्दिक पांड्या की कप्तानी को लेकर भी दिया बड़ा बयान

मुझे नहीं पता कि कौन पांड्या को कप्तान के रूप में देख रहा है और कौन इसके सपने सजा रहा है: सलमान बट

Rohit Sharma, Salman Butt and Hardik Pandya (Pic Source-Twitter)
Rohit Sharma, Salman Butt and Hardik Pandya (Pic Source-Twitter)

रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में भारत के धुआंधार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जा रही तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज में स्टैंड-इन कप्तान नियुक्त किया है। ऐसी आशंका लगाई जा रही है कि भविष्य में हार्दिक पांड्या को भारतीय टीम का स्थायी (Permanent) कप्तान नियुक्त किया जा सकता है।

बता दें, इससे पहले हार्दिक पांड्या ने अंतरराष्ट्रीय स्तर में आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में भी टीम की कप्तानी की थी। उन्होंने IPL 2022 में गुजरात टाइटंस (GT) की ओर से शानदार कप्तानी करते हुए अपनी टीम को कप जिताया था। हालांकि पाकिस्तान के पूर्व ओपनर सलमान बट का हार्दिक पांड्या की कप्तानी को लेकर अलग ही मानना है।

सलमान बट ने अपने यूट्यूब चैनल में एक वीडियो में कहा कि, ‘ मुझे नहीं पता कि कौन पांड्या को कप्तान के रूप में देख रहा है और कौन इसके सपने सजा रहा है। उनके पास टैलेंट की कमी नहीं है और IPL में भी उनका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। लेकिन रोहित शर्मा भी IPL में 5 से 6 बार सफल रहे हैं।

अगर उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में कुछ मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन किया होता तो लोग उनको लेकर टिप्पणी ना कर रहे होते। एशियाई उपमहाद्वीप में लोग जल्द ही इस तरह के कठोर और बड़े बदलावों के बारे में बात करना शुरू कर देते हैं, जो बिल्कुल भी सही नहीं है।’

सिर्फ एक छोटी सी वजह के लिए आप कप्तान बदल देंगे: सलमान बट

सलमान बट की माने तो ऑस्ट्रेलिया में खेले जा चुके टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में सिर्फ एक ही कप्तान ने ट्रॉफी जीती थी। इसका मतलब यह नहीं है कि बाकी 11 टीमों के कप्तानों को बदल दिया जाए जिन्होंने इसमें प्रतिभाग किया था।

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर ने आगे कहा कि, ‘सिर्फ एक कप्तान ने वर्ल्ड कप जीता और बाकी सब टीमें हारी। क्या आप उन सभी 11 टीमों के कप्तानों को हटा देंगे जो वर्ल्ड कप हार गए हैं? कभी-कभी लोग अपना फैसला सुनाने में जल्दबाजी कर देते हैं और यही कहतें हैं कि कप्तान को बदल दो।’

close whatsapp