भारतीय दिग्गजों से मिल रही सराहना पर फूले नहीं समा रहे हैं सूर्यकुमार यादव - क्रिकट्रैकर हिंदी

भारतीय दिग्गजों से मिल रही सराहना पर फूले नहीं समा रहे हैं सूर्यकुमार यादव

सूर्यकुमार यादव ने अपनी निडर और अद्भुत बल्लेबाजी से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया है।

Yuzvendra Chahal and Suryakumar Yadav (Image Source: BCCI Twitter Screengrab)
Yuzvendra Chahal and Suryakumar Yadav (Image Source: BCCI Twitter Screengrab)

भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव इस समय निश्चित ही अपने करियर के सबसे बेहतरीन समय का आनंद ले रहे हैं, और T20I क्रिकेट में अपने शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन से पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं। एशिया कप से 2022 लेकर टी-20 वर्ल्ड कप 2022 तक और अब न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय बल्लेबाज अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से गेंदबाजों को परेशान कर रहे हैं।

सूर्यकुमार यादव ने पहले ही अपनी निडर और अद्भुत बल्लेबाजी से दुनिया भर के प्रशंसकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है, और बल्ले के साथ अपने अविश्वसनीय फॉर्म को जारी रखते हुए एक बार फिर उन्होंने उत्कृष्ट पारी खेल सभी के दिल जीत लिए। भारतीय बल्लेबाज ने 20 नवंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे T20I मैच में अपना दूसरा T20I शतक (51 गेंदों में नाबाद 111) लगाकर टीम इंडिया को यह मैच 65 रनों से जीतने में मदद की।

चहल टीवी पर आकर बेहद खुश हैं सूर्यकुमार यादव

न्यूजीलैंड के खिलाफ तूफानी शतक लगाने के बाद विराट कोहली से लेकर सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग तक सभी सोशल मीडिया पर सूर्यकुमार यादव को बधाई दे रहे हैं, वहीं सोशल मीडिया के अलावा, बे ओवल में भी भारतीय बल्लेबाज के लिए फैंस का प्यार देखते ही बन रहा है। इस बीच, बीसीसीआई ने ट्विटर पर 21 नवंबर को एक वीडियो साझा किया है, जहां सूर्यकुमार यादव युजवेंद्र चहल के साथ चहल टीवी पर दिग्गजों से मिली सराहना पर अपने विचार जाहिर करते हुए नजर आ रहे हैं।

सूर्यकुमार यादव ने चहल टीवी पर कहा: “सबसे पहले तो मैं ये बोलना चाहूंगा कि मुझे चहल टीवी का हिस्सा बनकर बहुत सम्मानित महसूस हो रहा है, और इस शो पर आकर बहुत अच्छा लग रहा है। बहुत अच्छा लगता है जब सब लोग मैसेज करते है, ट्वीट करते हैं और मैं बहुत कुछ सीखा भी हूं उनसे जब सचिन सर खेलते थे।

मैं फ्रेंचाइजी क्रिकेट उनके साथ खेला हूं, तो उनसे बहुत कुछ सीखा हूं। मुझे विराट से भी बहुत कुछ सिखने को मिला है, जब भी हम साथ में खेलते हैं, मुझे कुछ न कुछ सिखने का मौका मिलता है।” जिसके बाद युजवेंद्र चहल ने कहा: ‘यहां काफी सारे फैंस आए हुए हैं, सब सूर्या की होर्डिंग लेकर आए हुए हैं, तो आप उनसे कुछ कहना चाहेंगे’, जिस पर स्टार बल्लेबाज ने कहा: ‘यहां बहुत सारे फैंस सपोर्ट के लिए आए हुए हैं, देखकर बहुत अच्छा लग रहा है’।

यहां देखिए वीडियो –

close whatsapp