भारत बनाम बांग्लादेश: वनडे सीरीज से बाहर हुए चोटिल रवींद्र जडेजा - क्रिकट्रैकर हिंदी

भारत बनाम बांग्लादेश: वनडे सीरीज से बाहर हुए चोटिल रवींद्र जडेजा

टेस्ट सीरीज से भी बाहर हो सकते हैं रवींद्र जडेजा।

Ravindra Jadeja. (Photo by Stu Forster/Getty Images)
Ravindra Jadeja. (Photo by Stu Forster/Getty Images)

भारतीय टीम के दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा बांग्लादेश के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। बता दें कि वह इस समय सितंबर में कराई गई घुटने की सर्जरी से उबर रहे हैं।

और बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के शुरू होने से पहले उनकी ये चोट शायद ठीक नहीं हो पाएगी। इस वजह से यह फैसला किया गया है। हालांकि इसको लेकर बीसीसीआई ने अभी तक कोई अधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

लेकिन ईएसपीएनक्रिकइंफो की एक खबर के अनुसार रविंद्र जडेजा बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ 4 दिसंबर से शुरू हो रही वनडे सीरीज में रवींद्र जडेजा को ऑलराउंडर शाहबाज अहमद रिप्लेस कर सकते हैं।

टेस्ट सीरीज में खेलने पर भी है संदेह

साथ ही इस बात पर भी सवालिया निशान बना हुआ है कि तीन मैचों की वनडे सीरीज के बाद शुरू हो रही, दो मैचों की टेस्ट सीरीज में वह भारतीय टीम की तरफ से खेल पाएंगे या नहीं। बता दें इस बात की भी आशंका जताई जा रही है कि अगर टेस्ट सीरीज में जडेजा नहीं खेले तो उत्तर प्रदेश के स्पिनर सौरभ कुमार को उनकी जगह टीम में शामिल किया जा सकता है।

आपको बता दें कि 33 वर्षीय रवींद्र जडेजा को एशिया कप 2022 के ग्रुप स्टेज मैचों को चोट के कारण बीच में ही छोड़ना पड़ा था। बता दें कि उन्हें एशिया कप के दौरान स्केटिंग करते वक्त चोट लग गई थी। और जडेजा की चोट पर कोच राहुल द्रविड़ ने कहा था वह शायद T20 वर्ल्ड कप 2022 में भी ना खेल पाए। बता दें कि इस समय जडेजा बेंगलुरू स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) में रिहैब प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।

बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया:

रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, रजत पाटीदार, श्रेयस अय्यर, राहुल त्रिपाठी, ऋषभ पंत (विकटकीपर), ईशान किशन (विकटकीपर), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, दीपक चाहर और यश दयाल

पहला वनडे- 4 दिसंबर
दूसरा वनडे- 7 दिसंबर
तीसरा वनडे- 10 दिसंबर

बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया:

रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकटकीपर), KS भरत (विकटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और उमेश यादव

पहला टेस्ट- 14 से 18 दिसंबर
दूसरा टेस्ट- 22 से 26 दिसंबर

close whatsapp