क्या रोहित शर्मा को ताना मार रहे हैं उनके बचपन के कोच?
पिछले सात महीनों में कोई पारी का आगाज करने आ रहा है, कोई गेंदबाजी करने आ रहा है, टीम में कोई स्थिरता नहीं है: दिनेश लाड
अद्यतन - नवम्बर 25, 2022 7:05 अपराह्न

जहां एक तरफ भारतीय टीम का प्रदर्शन बड़े टूर्नामेंटों में काफी निराशाजनक रहा है, वहीं दूसरी ओर तमाम भारतीय खिलाड़ियों ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में काफी शानदार प्रदर्शन किया है। इसी वजह से तमाम लोग खिलाड़ियों की जमकर आलोचना कर रहे हैं।
तमाम आलोचकों का यही कहना है कि भारतीय खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम की ओर से कम मुकाबले खेलते हैं और जब IPL की बात आती है तो सब लोग फिर से पूरी तरह से फिट हो जाते हैं। इसी लिस्ट में अब रोहित शर्मा के बचपन के कोच दिनेश लाड भी जुड़ गए हैं।
रोहित शर्मा के बचपन के कोच दिनेश लाड का मानना है कि भारतीय टीम को वर्कलोड मैनेजमेंट के नाम पर अंतरराष्ट्रीय मैचों को मिस करना बंद कर देना चाहिए अगर वो वर्ल्ड कप जीतना चाहते हैं तो, और उन्हें आराम ही करना है तो वो IPL में ना खेलें।
दिनेश लाड ने स्पोर्ट्सकीड़ा से बात करते हुए कहा कि, ‘मैंने सोचा, शायद, पिछले सात-आठ महीनों में, हम एक स्थिर टीम नहीं थे। अगर हम विश्व कप की तैयारी कर रहे हैं तो ये एक स्थापित टीम होनी चाहिए। पिछले सात महीनों में कोई पारी का आगाज करने आ रहा है, कोई गेंदबाजी करने आ रहा है, टीम में कोई स्थिरता नहीं है।’
लाड ने आगे कहा कि, ‘आप वर्कलोड का बहाना नहीं बना सकते। इस दुनिया में तमाम खिलाड़ी इसलिए खेल रहे हैं क्योंकि वो काफी अनुभवी हैं इसलिए वर्कलोड से संबंधित कोई बहाना ना बनाए। टीम के दिग्गज खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर में ज्यादा ज्यादा मुकाबले खेलने चाहिए और IPL में उनको आराम करना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से कोई भी समझौता नहीं होना चाहिए।’
यह खिलाड़ियों के ऊपर है कि वो आगे क्या करना चाहते हैं: दिनेश लाड
दिनेश लाड ये बिल्कुल भी नहीं चाहते कि खिलाड़ी अपना IPL अनुबंध खत्म कर दे। उन्होंने इंटरव्यू में कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वजह से ही आज खिलाड़ियों को एक नई पहचान मिली है और उन्हें इस चीज को भूलना नहीं चाहिए।
दिनेश लाड ने आगे कहा कि, ‘ देखिए मैं यह किसी से नहीं कहूंगा कि आप अपना IPL अनुबंध खत्म कर दीजिए। यह उनके ऊपर है कि वो क्या करना चाहते हैं। क्योंकि आप अपने राज्य और भारत की ओर से खेल रहे हैं इसीलिए आपको IPL में खिलाया जाता है। आपका अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन आपको आपकी सैलरी कैप (IPL में) निर्धारित करने में मदद करता है।’