WBBL 2022: एडिलेड स्ट्राइकर्स और सिडनी सिक्सर्स के बीच फाइनल मुकाबले में धूप बनी विलेन,12 मिनट तक रुका मैच - क्रिकट्रैकर हिंदी

WBBL 2022: एडिलेड स्ट्राइकर्स और सिडनी सिक्सर्स के बीच फाइनल मुकाबले में धूप बनी विलेन,12 मिनट तक रुका मैच

26 नवंबर को खेले गए महिला बिग बैश लीग (WBBL) के फाइनल मुकाबले में एडिलेड स्ट्राइकर्स (AS) ने सिडनी सिक्सर्स (SS) को 10 रन से मात देकर इस सत्र की ट्रॉफी अपने नाम की।

WBBL Final 2022 (Pic Source-Twitter)
WBBL Final 2022 (Pic Source-Twitter)

26 नवंबर को खेले गए महिला बिग बैश लीग (WBBL) के फाइनल मुकाबले में एडिलेड स्ट्राइकर्स (AS) ने सिडनी सिक्सर्स (SS) को 10 रन से मात देकर इस सत्र की ट्रॉफी अपने नाम की।

एडिलेड स्ट्राइकर्स ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए इस मैच को अपने नाम किया। हालांकि धूप के चलते इस मैच को थोड़ी देर के लिए रोकना पड़ा। जी हां! आपने बिल्कुल सही सुना। यह सब हुआ सिडनी सिक्सर्स की पारी के शुरू होने से पहले। दरअसल SS की सलामी बल्लेबाज सूजी बेट्स की आंखों में धूप की रोशनी सीधी पड़ रही थी जिसकी वजह से उन्हें कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। यही कारण था मुकाबले को थोड़ी देर के लिए रोकने का।

धूप की रोशनी ने फाइनल मुकाबले को थोड़ी देर के लिए रोका

बता दें, एडिलेड स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 147 रन बनाए। टीम की ओर से अनुभवी बल्लेबाज डिएंड्रा डॉटिन ने 37 गेंदों में छह चौके और दो छक्कों की मदद से 52 रन की नाबाद मैच जिताऊ पारी खेली। उनके अलावा केटी मैक ने 31 रन का योगदान दिया। कप्तान ताहिला मैक्ग्रा ने 24 रन की अहम पारी खेली।

148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिडनी सिक्सर्स की पारी की शुरुआत में सूजी बेट्स को धूप की रोशनी से परेशानी होने लगी। उन्होंने फील्ड अंपायरों से बात की और जब तक धूप कम नहीं हुई तब तक मुकाबले को शुरू नहीं किया गया।

उस समय एडिलेड स्ट्राइकर्स की शानदार स्पिनर अमांडा वेलिंगटन माइक में कमेंटेटरों से बात कर रही थी। वेलिंगटन ने बेट्स के पास आकर कहा कि, ‘अरे, चलिए शुरू करते हैं यह तो क्रिकेट है। मुझे यह समझ नहीं आ रहा कि हम किस चीज का इंतजार कर रहे हैं? इसपर बेट्स ने कहा कि, ‘मुझे कुछ दिखना भी तो चाहिए।’

इस बातचीत की वीडियो स्काई स्पोर्ट्स ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल में भी साझा की।

बता दें, 148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिडनी सिक्सर्स टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। उन्होंने अपने शुरुआती 4 विकेट 16 रन पर ही गंवा दिए। सिक्सर्स की ओर से कप्तान एलिसा पैरी ने 33 रन बनाए जबकि अपना आखिरी क्रिकेट मैच खेल रही निकोल बोल्टन ने 32 रन बनाए। एम ब्राउन ने भी 34* रन की शानदार नाबाद पारी खेली लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाई। बता दें, यह एडिलेड स्ट्राइकर्स की पहली WBBL ट्रॉफी है।

close whatsapp