PAK vs ENG: छठे टी-20 मुकाबले में मिली हार के लिए बाबर आजम ने ओस को बताया जिम्मेदार - क्रिकट्रैकर हिंदी

PAK vs ENG: छठे टी-20 मुकाबले में मिली हार के लिए बाबर आजम ने ओस को बताया जिम्मेदार

33 गेंद शेष रहते इंग्लैंड ने हासिल किया 170 रनों का लक्ष्य।

babar azam (pic source-twitter)
babar azam (pic source-twitter)

30 सितंबर को खेले गए लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच छठे टी-20 मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 8 विकेट से मात दी। इसी के साथ पाकिस्तान टीम के कप्तान बाबर आजम ने इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार के लिए ओस को दोषी ठहराया है। उन्होंने इंग्लिश बल्लेबाजों की भी तारीफ करते हुए कहा कि शुरुआती 6 ओवरों ने पूरे मैच को बदल कर रख दिया।

170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे इंग्लैंड के ओपनर फिल सॉल्ट और एलेक्स हेल्स ने पाकिस्तानी गेंदबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया और मात्र 3.5 ओवरों में 55 रन की साझेदारी की। सॉल्ट ने इस मैच में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों में 13 चौके और 3 छक्कों की मदद से 88* रन बनाए।

शुरुआती 6 ओवरों ने मैच को पूरी तरह से बदल कर रख दिया: बाबर आजम

इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट के ट्विटर हैंडल से एक वीडियो साझा किया गया है, जिसमें बाबर कह रहे हैं, ‘जिस तरीके से इंग्लैंड टीम के बल्लेबाजों ने शुरुआती 6 ओवरों का इस्तेमाल किया है उससे पूरे मैच का रूख बदल गया। ओस की वजह से गेंद गीली हो गई और इसी वजह से ना तो तेज गेंदबाज और ना ही स्पिनर को पकड़ मिली।

दूसरी पारी में गेंद बल्ले पर काफी अच्छी तरह से आ रही थी क्योंकि ओस थी। गेंद गेंदबाज के हाथ से फिसलती जा रही थी लेकिन हेल्स और सॉल्ट की वजह से इंग्लैंड इस मुकाबले को जीत पाई। इन दोनों ही बल्लेबाजों ने शुरुआती 6 ओवर में ही इंग्लैंड को मैच में आगे कर दिया।’

बता दें, यह मैच जीतने के बाद अब दोनों टीमें सीरीज में 3-3 की बराबरी पर आ गई है और अब एक ही मैच बचा है। जो भी टीम इस आखिरी मैच को जीतेगी वो सीरीज अपने नाम करेगी। आखिरी मुकाबला 2 अक्टूबर को इसी स्टेडियम में खेला जाएगा।

बाबर आजम ने आगे कहा कि, ‘एक टीम के रूप में ऐसी परिस्थितियां आती हैं और हमें उसको झेलना पड़ता है। हमने पिछले मुकाबले खेले और जीते इसलिए हमें अपना आत्मविश्वास नहीं खोना चाहिए। दिन के आखिर में हमें बात करनी चाहिए और यही कहना चाहिए कि अगले मैच में हम यह गलतियां फिर नहीं दोहराएंगे।’

close whatsapp