WPL 2023 के ऑक्शन को लेकर बड़ी खबर आई सामने, 409 खिलाड़ियों का नाम हुआ शार्टलिस्ट
नीलामी 13 फरवरी को मुंबई के जिओवर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होगी।
अद्यतन - Feb 7, 2023 7:21 pm

4 मार्च से 26 मार्च 2023 तक महिला प्रीमियर लीग का पहला सीजन मुंबई में खेला जाना है। यह पूरा टूर्नामेंट डी वाय पाटील स्टेडियम और ब्रेबोर्न स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। कुल 22 मुकाबले खेले जाएंगे।
इसी के साथ भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने खिलाड़ियों की नीलामी की लिस्ट का खुलासा किया। बता दें, कुल 409 खिलाड़ियों ने इस शानदार टूर्नामेंट में अपना नाम दर्ज किया है। नीलामी 13 फरवरी को मुंबई के जिओवर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होगी। बता दें, WPL ऑक्शन ने कुल 1525 खिलाड़ियों को आकर्षित किया लेकिन केवल 409 खिलाड़ी इस अंतिम सूची में अपनी जगह बना पाई। इस टूर्नामेंट की 5 टीमें हैं अहमदाबाद, बैंगलोर, दिल्ली, लखनऊ और मुंबई।
409 खिलाड़ियों में 246 भारतीय खिलाड़ी है जबकि 163 विदेशी खिलाड़ी। 202 कैप्ड खिलाड़ी हैं जबकि 199 अनकैप्ड खिलाड़ी। 8 एसोसिएट देश के खिलाड़ी हैं। 5 टीमों में कुल 90 स्लॉट उपलब्ध है जिसमें 30 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए है।
सबसे ज्यादा बेस प्राइस 50 लाख रुपए है
बता दें, इस नीलामी में सबसे बड़ा बेस प्राइस 50 लाख रुपए है जिसमें 24 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इनमें से कुछ भारतीय खिलाड़ी भी है जैसे कप्तान हरमनप्रीत कौर, उपकप्तान स्मृति मंधाना, ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा और अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता शेफाली वर्मा।
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एलिसा पेरी, एश्ले गार्डनर, जेस जोनासेन, इंग्लैंड की ऑलराउंडर सोफी एक्लेस्टोन, न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन और वेस्टइंडीज की पूर्व क्रिकेटर डियांड्रा डोटिन, इंग्लैंड की नताली स्किवर, भारत की तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर, जेमिमा रोड्रिग्स, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मेग लैनिंग, भारतीय तेज गेंदबाज पूजा वस्त्राकर, इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज डेनी व्याट, ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर-बल्लेबाज एलिसा हीली और भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज रिचा घोष ने अपनी बेस प्राइस 50 लाख रखी है।
30 खिलाड़ियों ने अपनी प्रेस प्राइस 40 लाख रुपए दर्ज की है । ऑक्शन 13 फरवरी को दिन के 2:30 बजे से शुरू होगा। तमाम लोग इस शानदार टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और युवा खिलाड़ी भी यही चाहेंगी कि अपने बेहतरीन प्रदर्शन से वो सभी लोगों का दिल जीते।