दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मुकाबले में जोश हेजलवुड का खेलना मुश्किल
ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है जिसकी शुरुआत 17 दिसंबर से होगी।
अद्यतन - Dec 9, 2022 1:56 pm

ऑस्ट्रेलिया कप्तान पैट कमिंस का मानना है कि जोश हेजलवुड को अपनी चोट से ठीक होने में 1 से 2 हफ्ते और लगेंगे। बता दें, इस तेज गेंदबाज की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था जिसके कारण वह बाहर हो गए थे। अब इसी चोट की वजह से ऐसी आशंका लगाई जा रही है कि हेजलवुड दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मुकाबले में खेलते हुए नजर नहीं आ सकते हैं।
इस समय ऑस्ट्रेलिया अपने घर में वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। पहला टेस्ट मेजबान ने अपने नाम कर लिया था और अब दूसरा टेस्ट एडिलेड ओवल में खेला जा रहा है। हेजलवुड को भी इस टेस्ट मुकाबले में खेलना था लेकिन चोटिल होने की वजह से उनकी जगह माइकल नीसर को प्लेइंग XI में शामिल किया गया। हालांकि ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस का मानना है कि हेजलवुड की चोट ज्यादा बड़ी नहीं है और वो जल्द ही जबरदस्त वापसी करेंगे।
पैट कमिंस ने SEN में कहा कि, ‘ये बड़ी चोट नहीं है, यह जल्द ही ठीक हो जाएगी। उम्मीद करता हूं कि हेजलवुड 1 से 2 हफ्ते में पूरी तरह से ठीक हो जाए। हम सब हेजलवुड के साथ हैं। क्रिकेट एक बहुत ही मजाकिया खेल है। हमने 5 से 6 हफ्तों में 5 टेस्ट खेले हैं। हम सब यही दुआ कर रहे हैं कि तेज गेंदबाज जल्द से जल्द पूरी तरह से ठीक हो जाए।’
दक्षिण अफ्रीका सीरीज में वापसी करेंगे पैट कमिंस
चोटिल होने की वजह से पैट कमिंस ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मुकाबले में खुद को बाहर कर दिया। बता दें, 29 वर्षीय खिलाड़ी को पर्थ में पहले टेस्ट के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था और इसी वजह से उनकी जगह स्कॉट बोंलैंड को टीम में शामिल किया गया। स्टीव स्मिथ इस टेस्ट की कप्तानी कर रहे हैं। पैट कमिंस ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका टेस्ट के लिए वो जल्द ही अपनी तैयारी शुरू करेंगे।
पैट कमिंस ने कहा कि, ‘ मैं एडिलेड टेस्ट के लिए खेलने के लिए कोशिश कर रहा था लेकिन मुझे लगा कि इसमें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। दक्षिण अफ्रीका टेस्ट के लिए मैं एक या 2 दिन में अपनी गेंदबाजी फिर से शुरू करूंगा।’
ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है जिसकी शुरुआत 17 दिसंबर से होगी।