क्या टेस्ट सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे रोहित शर्मा? भारतीय कप्तान की चोट पर आई बड़ी अपडेट
टीम इंडिया पहले ही बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज गंवा चुकी है।
अद्यतन - दिसम्बर 9, 2022 4:55 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 9 अक्टूबर को भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की चोट और वर्तमान स्थिति पर नवीनतम अपडेट दी है। बीसीसीआई ने एक आधिकारिक प्रेस रिलीज के माध्यम से पुष्टि की है कि रोहित शर्मा अपने अंगूठे की चोट को एक विशेषज्ञ को दिखाने के लिए भारत लौट आए हैं।
आपको बता दें, बांग्लादेश के खिलाफ 7 दिसंबर को ढाका में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान फील्डिंग करते हुए भारतीय कप्तान के बाएं-हाथ के अंगूठे में चोट लग गई थी, जिसके कारण वह 10 दिसंबर को चटोग्राम में खेल जाने वाले तीसरे और फाइनल वनडे से बाहर हो गए हैं। इस बीच, बीसीसीआई ने कहा रोहित शर्मा की आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्धता मुंबई में विशेषज्ञ से विचार विमर्श करने के बाद तय की जाएगी।
क्या रोहित शर्मा बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हिस्सा ले पाएंगे?
बीसीसीआई ने एक आधिकारिक प्रेस रिलीज में कहा: “भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का अंगूठा दूसरे वनडे में फील्डिंग करते हुए चोटिल हो गया है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उनकी चोट का मूल्यांकन किया और साथ ही ढाका के एक स्थानीय अस्पताल में उनका स्कैन भी कराया गया। वह एक विशेषज्ञ से परामर्श के लिए मुंबई लौट गए हैं, और अंतिम वनडे में नहीं खेल पाएंगे। आगामी टेस्ट सीरीज के लिए उनकी उपलब्धता को लेकर फैसला बाद में लिया जाएगा।”
वहीं, बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने एक बयान में कहा: “बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने रोहित शर्मा की चोट का मूल्यांकन किया और ढाका के एक स्थानीय अस्पताल में उनका स्कैन कराया गया। वह विशेषज्ञ परामर्श के लिए मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं, और अंतिम वनडे में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। आगामी टेस्ट सीरीज के लिए उनकी उपलब्धता पर फैसला कुछ समय बाद लिया जाएगा।”
आपको बता दें, टीम इंडिया पहले ही बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज गंवा चुकी है। बांग्लादेश और भारत के बीच पहला टेस्ट मैच 14 दिसंबर से चटोग्राम के जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा और अंतिम टेस्ट मैच 22 दिसंबर से ढाका में खेला जाना है।