Ranji Trophy 2022-23: ‘उसकी बल्लेबाजी में काबीलियत तो है’ अर्जुन तेंदुलकर को लेकर बोले दिनेश कार्तिक
अर्जुन काफी समय से आईपीएल में मुंबई इंडियंस से जुड़े हुए हैं, लेकिन अभी तक उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला है।
अद्यतन - Dec 15, 2022 2:52 pm

अपने पहले ही रणजी मैच में शतक लगाने वाले अर्जुन तेंदुलकर को लेकर भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने बड़ा बयान दिया है। बता दें कि लिस्ट ए करियर में गेंदबाजी से कमाल का प्रदर्शन करने वाले अर्जुन की बल्लेबाजी काबीलियत पर दिनेश कार्तिक अपने बयान के माध्यम से भरोसा करते हुए नजर आ रहे हैं।
इसके अलावा कार्तिक ने क्रिकेट में अधिक मौके पाने के लिए मुंबई से गोवा का रुख करने के वाले अर्जुन के निर्णय को भी सराहा है। गौरतलब है कि मुंबई क्रिकेट टीम की तरफ से अधिक मौके ना मिलने के कारण अर्जुन तेंदुलकर ने गोवा के लिए घेरलू क्रिकेट में खेलने का फैसला किया और अपने डेब्यू मैच में ही शतक जड़ दिया।
अर्जुन तेंदुलकर के मुरीद हुए कार्तिक
गौरतलब है कि, रणजी ट्राॅफी के अपने पहले ही मैच में 14 दिसंबर को गोवा की ओर से खेलते हुए अर्जुन ने राजस्थान के खिलाफ मैच के दूसरे दिन शानदार बल्लेबाजी कर शतक लगाया था। बता दें कि ठीक 34 साल पहले अर्जुन के पिता और क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने अपने पहले रणजी मैच में गुजरात के खिलाफ शतक लगाया था।
अर्जुन की पारी के बाद क्रिकबज पर दिनेश कार्तिक ने कहा, आप जानते हैं मैंने अर्जुन को काफी खेलते देखा है। वह बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाजी के अलावा बल्ले से भी योगदान दे सकते हैं लेकिन निश्चित रूप से उसकी बल्लेबाजी में काबीलियत तो है।
आपने देखा कि वह गेंद को हिट कर सकता है, लेकिन मुझे लगता है कि शतक बनाना काफी खास है। उसको बधाई और टीम के लिए ऐसे शतक और आएं। हम आम तौर पर अर्जुन तेंदुलकर को एक बल्लेबाज के तौर पर नहीं आंकते हैं लेकिन यह जानकर अच्छा लगा कि उन्होंने बल्लेबाजी में भी मेहनत की है।
कार्तिक ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, मैंने उसे इंग्लैंड में खेलते देखा है जब वह वहां छोटे लड़कों के साथ प्रैक्टिस करता था, और उसमें अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता थी। इसका क्रेडिट उसे ही जाता है और दूसरे राज्य के लिए खेलना और फिर इस मौंके को दोनों हाथों से लपकना, काफी शानदार है।