‘तेरी नाक टूट गई है, तुझे हाॅस्पिटल जाना पड़ेगा’ सचिन तेंदुलकर ने जावेद मियांदाद को लेकर शेयर किया दिलचस्प किस्सा
सचिन तेंदुलकर ने पाकिस्तान के खिलाफ 15 नवंबर 1989 को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था।
अद्यतन - दिसम्बर 19, 2022 7:14 अपराह्न

भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर को विश्व के कुछ महान बल्लेबाजों में गिना जाता है। तो क्रिकेट की दुनिया में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को भगवान का दर्जा प्राप्त है। क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने और रन बनाने का रिकाॅर्ड सचिन के नाम ही है।
तो वहीं अपने करियर के शुरूआती दिनों को याद करते हुए सचिन तेंदुलकर ने एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है। बता दें कि इंफोसिस द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में सचिन ने पाकिस्तान के साथ अपने पहले टेस्ट मैच को लेकर जावेद मियांदाद से जुड़ी एक कहानी सुनाई है।
जब सचिन को स्लेज कर रहे थे जावेद
सचिन ने पाकिस्तान के साथ उस मैच को याद करते हुए कहा, वो मेरा पाकिस्तान का पहला दौरा था और हम चौथा टेस्ट मैच खेल रहे थे। हमने पहले तीन टेस्ट मैच ड्रॉ करा लिए थे। चौथे टेस्ट मैच की आखिरी पारी में हमारे 36 रन पर 4 विकेट गिर गए थे।
वकार यूनिस की एक बाउंसर गेंद मेरी नाक पर लग गई। मैं उस वक्त ग्रिल नहीं लगाता था और मेरे चेहरे पर चोट लग गई थी। मेरी नाक टूट गई थी और खून बह रहा था। जाहिर तौर पर मैच को रोकना पड़ा, पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लगा ये मैच का महत्वपूर्ण पल है, अगर मैं मैदान से बाहर चला जाता तो पाकिस्तान डॉमिनेट वाली पोजीशन में आ जाती।
वे मैच को खत्म कर, जीतना चाहते थे। इसी बीच मेरे पास जावेद मियांदाद आया और कहा कि तेरा नाक टूट गया है, तेरे को हॉस्पिटल जाना पड़ेगा। इसके बाद इमरान खान ने जावेद से कहा उसे अकेला छोड़ दो, इसके बाद मैं बैटिंग करने लगा।
सचिन ने आगे कहा कि, उस वक्त मैंने महसूस किया कि एक चोट या तो आपको बना सकती है या तोड़ सकती है। मुझे काफी खुशी हुई कि मैं उस वक्त ड्रेसिंग रूम की तरफ नहीं गया और मैंने लगातार बैंटिग की, हमने वो टेस्ट मैच ड्रॉ कराया और सीरीज भी ड्रॉ करवाई, जिसके काफी मायने थे।