AUS vs SA: बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिए मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड के क्यूरेटर ने पिच को लेकर किया बड़ा ऐलान - क्रिकट्रैकर हिंदी

AUS vs SA: बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिए मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड के क्यूरेटर ने पिच को लेकर किया बड़ा ऐलान

'मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में तैयारी काफी अच्छी तरह से चल रही है और इस बॉक्सिंग डे टेस्ट का सब लोग काफी अच्छी तरह से लुफ्त उठाएंगे: मुख्य कार्यकारी स्टुअर्ट फॉक्स

Melbourne cricket Ground (Pic Source-Twitter)
Melbourne cricket Ground (Pic Source-Twitter)

ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच ब्रिसबेन में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में मेजबान ने 6 विकेट से जीत दर्ज की। बता दें, यह विवादास्पद टेस्ट मुकाबला मात्र 2 दिन में ही समाप्त हो गया। मैच खत्म होने के बाद तमाम क्रिकेटरों ने इस पिच की जमकर आलोचना की। गेंदबाजों ने तो इसका खूब लुफ्त उठाया लेकिन बल्लेबाजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट मुकाबला 26 दिसंबर से मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में शुरू हो रहा है। यह बॉक्सिंग डे टेस्ट होगा। मैच से पहले क्यूरेटर मैट पेज ने बताया कि वो मेलबर्न की पिच को ऐसे तैयार कर रहे हैं जिससे गेंद और बल्ले के बीच काफी अच्छा संपर्क देखने को मिले। साथ ही मुख्य कार्यकारी स्टुअर्ट फॉक्स का मानना है कि जिस तरह की सबको उम्मीद है उस तरह की ही पिच वो तैयार करेंगे।

द सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड के मुताबिक स्टुअर्ट फॉक्स ने कहा कि, ‘मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में तैयारी काफी अच्छी तरह से चल रही है और इस बॉक्सिंग डे टेस्ट का सब लोग काफी अच्छी तरह से लुफ्त उठाएंगे। अगले हफ्ते का मौसम भी काफी अच्छा है जिसकी वजह से हमारी तैयारी को भी अधिक समय मिलेगा।’

फॉक्स ने आगे कहा कि, ‘हमेशा की तरह हम ऐसी पिच को तैयार करना चाह रहे हैं जिसमें गेंद और बल्ले के बीच अच्छा संपर्क हो।’

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बॉक्सिंग डे टेस्ट के दौरान शेन वॉर्न को सम्मान देगा

ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की टीम के सभी खिलाड़ी दिवंगत शेन वॉर्न को बॉक्सिंग डे टेस्ट के दौरान सम्मान देंगे। वो अपनी टोपी को उतारकर वॉर्न को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर के निधन के बाद इस मैदान पर पहली बार टेस्ट मुकाबला खेला जाएगा।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ निक हॉकले ने कहा कि, ‘शेन वॉर्न तमाम लोगों के आदर्श रहे हैं और उन्होंने अपने क्रिकेटिंग करियर में कई उपलब्धियां हासिल की है। खेल के प्रति उनका जुनून काफी सराहनीय रहा है। सिर्फ ऑस्ट्रेलिया में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में उनके काफी चाहने वाले हैं। बॉक्सिंग डे टेस्ट के दौरान मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में हम उनको श्रद्धांजलि देना चाहेंगे।’

close whatsapp